26 जुलाई को युवाओं से सीधा संवाद करेंगे PM मोदी! वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के लिए फरीदाबाद के 3 युवाओं का चयन

फरीदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 जुलाई को विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत देशभर से चयनित युवाओं के साथ वर्चुअल संवाद करेंगे। इस विशेष कार्यक्रम में फरीदाबाद जिले के तीन युवाओं का भी चयन किया गया है। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

बुधवार को उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

ऑनलाइन क्विज में मेरिट के आधार पर हुआ चयन

माई युवा भारत की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. पल्लवी जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जानकारी दी कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले युवाओं का चयन ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में मेरिट के आधार पर किया गया है। इसी प्रक्रिया के तहत फरीदाबाद के तीन युवाओं को भी इस संवाद के लिए चुना गया है।

राष्ट्रीय एकता और सीमावर्ती क्षेत्रों से जोड़ने की पहल

विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देश के सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक, सांस्कृतिक और सामरिक महत्व से परिचित कराना है। इसके साथ ही युवाओं में राष्ट्रीय एकता, राष्ट्र निर्माण और सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी इस पहल का प्रमुख लक्ष्य है।

प्रशासन ने तैयारियों की समीक्षा की

वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद उपायुक्त आयुष सिन्हा ने सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने वर्चुअल संवाद कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

प्रशासन के अनुसार, यह कार्यक्रम युवाओं को सीमावर्ती क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों और राष्ट्रीय सुरक्षा में वहां के नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका से जोड़ने की दिशा में एक अहम पहल साबित होगा।

 

Related posts