नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और पथराव के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके का बड़ा बयान सामने आया है। दीपके ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि प्रदर्शन को बदनाम करने के लिए बाहर से लोगों को भेजा जा रहा है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन आगे भी पूरी तरह शांतिपूर्ण और अहिंसक तरीके से जारी रहेगा।
हिंसा को लेकर BJP पर लगाया आरोप
अभिजीत दीपके ने कहा कि भाजपा की ओर से बाहर से लोगों को भेजा जा रहा है, जो प्रदर्शन को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उनका आरोप है कि पुलिस पर पथराव भी उन्हीं लोगों ने किया। उन्होंने कहा कि उनका संगठन पिछले करीब एक महीने से जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहा है और आंदोलन को हिंसक बनाने का कोई इरादा नहीं है।
‘आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा’
मीडिया से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा कि उनके कार्यकर्ता किसी भी तरह की हिंसा या बवाल में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन आगे भी शांति और अहिंसा के रास्ते पर ही जारी रहेगा और प्रदर्शन का उद्देश्य अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाना है।
सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद बढ़ा तनाव
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को भूख हड़ताल के दौरान जंतर-मंतर से हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद प्रदर्शन तेज हो गया। इसके बाद सोमवार, मंगलवार और बुधवार को जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार प्रदर्शन हुए, जिनमें एक दिन स्थिति हिंसक हो गई।
पथराव में चार पुलिसकर्मी घायल
बुधवार को प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव हुआ, जिसमें दो एसीपी समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
