शाहरुख खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, ‘मन्नत’ के रेनोवेशन और अतिरिक्त मंजिल निर्माण का रास्ता साफ

मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान और गौरी खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने मुंबई स्थित उनके बंगले ‘मन्नत’ में अतिरिक्त मंजिल जोड़ने के लिए दी गई तटीय विनियमन क्षेत्र (सीआरजेड) की मंजूरी को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी है। इसके साथ ही बंगले के रेनोवेशन और विस्तार कार्य का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए कहा कि संबंधित अधिकारियों ने रेनोवेशन की अनुमति देते समय कानून के सभी प्रावधानों का पालन किया है। अदालत ने मामले में दखल देने की आवश्यकता नहीं मानी।

याचिका खारिज, रेनोवेशन पर नहीं लगी रोक

बंगले के रेनोवेशन के खिलाफ मुंबई के एक निवासी ने याचिका दायर कर बांद्रा स्थित समुद्र किनारे बने ‘मन्नत’ के विस्तार कार्य के लिए दी गई मंजूरी पर सवाल उठाए थे। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता के उद्देश्य पर भी संदेह जताया और कहा कि प्रथम दृष्टया याचिका दाखिल करने का मकसद संदिग्ध प्रतीत होता है। पर्याप्त आधार नहीं मिलने पर अदालत ने याचिका खारिज कर दी।

रेनोवेशन के चलते परिवार सहित दूसरे घर में रह रहे हैं शाहरुख

रेनोवेशन कार्य के चलते शाहरुख खान अपनी पत्नी गौरी खान और बच्चों आर्यन, सुहाना तथा अबराम के साथ फिलहाल मुंबई के पाली हिल स्थित एक लग्जरी अपार्टमेंट में रह रहे हैं। खबरों के अनुसार, उन्होंने फिल्म निर्माता वाशु भगनानी की इमारत की चार मंजिलें किराये पर ली हैं, जहां परिवार अस्थायी रूप से रह रहा है।

2001 में खरीदा था ‘मन्नत’

शाहरुख खान ने वर्ष 2001 में इस बंगले को खरीदा था। बाद में इसका नाम ‘मन्नत’ रखा गया, जो उनकी पहचान का एक प्रमुख प्रतीक बन चुका है और देश-विदेश से आने वाले प्रशंसकों के लिए आकर्षण का केंद्र माना जाता है।

‘किंग’ की शूटिंग में व्यस्त हैं शाहरुख खान

पेशेवर मोर्चे पर शाहरुख खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म में उनके साथ दीपिका पादुकोण, सुहाना खान, अभय वर्मा और अभिषेक बच्चन भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

 

Related posts