बांद्रा में सलमान खान ने बेचा अपना लग्जरी फ्लैट, 3.50 करोड़ रुपये में हुई डील; 2015 में खरीदा था घर

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित अपना एक लग्जरी फ्लैट बेच दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता ने वर्ष 2015 में खरीदे गए इस फ्लैट को 3.50 करोड़ रुपये में बेचा है। हाल के दिनों में गैलेक्सी अपार्टमेंट छोड़ने की चर्चाओं के बीच यह डील सुर्खियों में आ गई है।

बताया गया है कि बांद्रा स्थित ‘शिव आस्था हाइट्स’ में मौजूद 758 वर्ग फुट का यह फ्लैट 9 जुलाई को पंजीकृत बिक्री के जरिए बेचा गया। सलमान खान ने यह संपत्ति वर्ष 2015 में 2.88 करोड़ रुपये में खरीदी थी। फ्लैट के साथ दो कार पार्किंग की सुविधा भी शामिल है।

758 वर्ग फुट के फ्लैट की हुई रजिस्ट्री

रिपोर्ट के अनुसार, संपत्ति का कारपेट एरिया 758 वर्ग फुट है। पंजीकरण दस्तावेजों के मुताबिक, इस सौदे में प्रति वर्ग फुट कीमत लगभग 46 हजार रुपये आंकी गई है। खरीदारों ने इस डील पर 21 लाख रुपये स्टांप शुल्क और 30 हजार रुपये पंजीकरण शुल्क का भुगतान किया है।

इन लोगों ने खरीदा फ्लैट

रिपोर्ट के अनुसार, इस फ्लैट को मुनीरा अकबर अली डंडावाला, महदियाली अकबर अली डंडावाला और जेहरा ने खरीदा है। हालांकि, इस संपत्ति सौदे को लेकर अब तक सलमान खान या खरीदारों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

गैलेक्सी अपार्टमेंट छोड़ने की चर्चाएं तेज

पिछले कुछ समय से ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि सलमान खान बांद्रा में ही नया सी-फेसिंग आवास तैयार करा रहे हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह नया घर गैलेक्सी अपार्टमेंट से कुछ दूरी पर बनाया जा रहा है और इसके निर्माण को महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी से मंजूरी मिल चुकी है। बताया गया है कि यह जमीन उनकी मां सलमा खान के नाम पर है।

इन फिल्मों में नजर आएंगे सलमान खान

वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान आने वाले समय में निर्देशक अपूर्व लाखिया की फिल्म ‘मातृभूमि’ में दिखाई देंगे। इसके अलावा वह निर्देशक वामसी पेडिपल्ली की एक्शन थ्रिलर फिल्म का भी हिस्सा हैं, जिसे वर्ष 2027 में ईद के मौके पर रिलीज किए जाने की तैयारी है।

 

Related posts