‘मुझे चुप कराना है तो जान से मारना होगा’, भाजपा पर ममता बनर्जी का तीखा हमला; बागी नेताओं पर भी साधा निशाना

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के नेताओं को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें चुप कराना है तो उनकी जान लेनी होगी, क्योंकि वह दबाव में आने वाली नहीं हैं। ममता ने यह बयान एक वीडियो संदेश के जरिए दिया, जिसे पार्टी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किया।

भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

वीडियो संदेश में ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को कमजोर करने और उसके नेताओं को डराने-धमकाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा, “अगर मुझे चुप कराना है तो तुम्हें मुझे मारना होगा। तुमने इसके लिए अपनी ओर से कोई कमी नहीं छोड़ी।”

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाया गया और उन्हें अपमानित किया गया। ममता ने कहा कि महुआ, अभिषेक और कल्याण समेत कई नेताओं को प्रताड़ित किया गया, यहां तक कि उनके घर तक को निशाना बनाया गया।

हिरासत में नेताओं के साथ दुर्व्यवहार का आरोप

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने दावा किया कि हिरासत में रखे गए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई नेताओं को फर्श पर सोने के लिए मजबूर किया गया, कुछ के साथ बेड़ियां और रस्सियों का इस्तेमाल किया गया, जबकि कुछ के साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया।

बागी नेताओं को भी दी चेतावनी

ममता बनर्जी ने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विश्वास सबसे बड़ी पूंजी है और कुछ नेता जनता के भरोसे को तोड़ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो नेता तृणमूल कांग्रेस के साथ नहीं रहना चाहते, वे खुलकर भाजपा में शामिल हो जाएं, लेकिन पार्टी में रहकर दूसरी पार्टी के लिए काम न करें।

उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को गुमराह करना बंद किया जाए। यदि कोई जाना चाहता है तो सीधे भाजपा में जाए, लेकिन तृणमूल कांग्रेस में बने रहने का दिखावा न करे।

भाजपा ने पूर्व टीएमसी सांसदों को बनाया उम्मीदवार

ममता बनर्जी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब तृणमूल कांग्रेस छोड़ने वाले तीन पूर्व सांसद भाजपा में शामिल हो चुके हैं। भाजपा ने उन्हें 24 जुलाई को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार भी घोषित किया है। इसी घटनाक्रम के बीच ममता बनर्जी ने भाजपा और पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर तीखे हमले किए हैं।

 

Related posts