UP Weather Alert: लखनऊ समेत यूपी के 57 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट, IMD ने अगले 48 घंटे के लिए जारी की चेतावनी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां फिलहाल कमजोर पड़ गई हैं, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 57 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक मानसून की सक्रियता सीमित रहेगी, जिसके बाद फिर से बारिश का दौर तेज होने की संभावना है।

निम्न दबाव क्षेत्र का दिख रहा असर

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी ओडिशा तट के पास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में मानसूनी सक्रियता कम हुई है। इसके चलते सामान्य से अधिक आर्द्रता बनी हुई है और पूर्वी व मध्य उत्तर प्रदेश के जिलों में उमस का असर बढ़ गया है।

इन 57 जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है।

दो दिन बाद फिर तेज होगा मानसून

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल कोई अन्य सक्रिय मौसम तंत्र मौजूद नहीं है। ऐसे में अगले दो दिनों तक मानसूनी गतिविधियां मुख्य रूप से पश्चिमी और दक्षिणी जिलों तक सीमित रह सकती हैं। इसके बाद प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होने की संभावना है, जिससे बारिश में बढ़ोतरी होगी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

तापमान में बढ़ोतरी से बढ़ी परेशानी

मानसूनी सक्रियता कम होने के कारण अगले दो दिनों तक तापमान में मामूली बढ़ोतरी के साथ उमस भी बढ़ सकती है। रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया और यह 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उरई में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि प्रयागराज का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, लखनऊ समेत कई जिलों में शाम के समय चली आंधी और हल्की बूंदाबांदी से लोगों को कुछ राहत मिली।

 

Related posts