नई दिल्ली: बड़ी बैटरी वाला 5G स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए अच्छी खबर है। Realme ने अपने Realme 16T 5G की कीमत में कटौती कर दी है। नई कीमतें 1 जुलाई से लागू हो चुकी हैं। बैंक ऑफर के साथ यह स्मार्टफोन अब 25,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध है। ग्राहक इसे Flipkart, Realme की आधिकारिक वेबसाइट और ऑफलाइन मेनलाइन स्टोर्स से खरीद सकते हैं।
15 जुलाई तक मिलेगा ऑफर का फायदा
कंपनी के मुताबिक, Realme 16T 5G पर यह ऑफर 15 जुलाई तक लागू रहेगा। 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की एमआरपी 29,999 रुपये है, लेकिन 2,000 रुपये के फ्लैट डिस्काउंट और 2,000 रुपये के क्रेडिट कार्ड ऑफर के बाद इसकी प्रभावी कीमत 25,999 रुपये हो जाती है।
वहीं, 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की एमआरपी 31,999 रुपये है, जो समान ऑफर्स के बाद 27,999 रुपये में उपलब्ध है। इसके अलावा 8GB रैम और 256GB स्टोरेज मॉडल की एमआरपी 34,999 रुपये है, जबकि ऑफर के बाद इसकी प्रभावी कीमत 30,999 रुपये हो जाती है।
डिस्प्ले और प्रोसेसर में मिलते हैं दमदार फीचर्स
Realme 16T 5G में 6.81 इंच का एलसीडी डिस्प्ले दिया गया है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 1,200 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करता है। स्मार्टफोन में 6nm प्रोसेस पर आधारित MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया गया है। इसमें 8GB तक रैम और 256GB तक स्टोरेज का विकल्प मिलता है।
50MP कैमरा और 8000mAh की बड़ी बैटरी इसकी खासियत
फोटोग्राफी के लिए फोन में 50 मेगापिक्सल का Sony IMX852 प्राइमरी कैमरा और 2 मेगापिक्सल का मोनो सेंसर दिया गया है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है। रियर कैमरा मॉड्यूल में सेल्फी मिरर भी दिया गया है, जिससे प्राइमरी कैमरे का उपयोग कर सेल्फी ली जा सकती है।
फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 8000mAh की बैटरी है, जो 45W SUPERVOOC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। यह स्मार्टफोन Android 16 आधारित Realme UI 7.0 पर चलता है। साथ ही पानी और धूल से सुरक्षा के लिए इसमें IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग भी दी गई है।
