मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा सामने आया है। मानखुर्द के जनता नगर इलाके में रविवार रात एक 3 मंजिला चॉल का हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे 4 महिलाओं समेत 6 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और पूरी रात राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा।
जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार रात करीब साढ़े 8 बजे हुआ। चॉल का हिस्सा गिरने के बाद उसके मलबे की चपेट में तीन मकान आ गए, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बचाव दल ने मलबे के नीचे दबे 6 लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पलभर में मची अफरा-तफरी, ताश के पत्तों की तरह ढही चॉल
हादसा होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और नगर निगम प्रशासन को सूचना दी। बताया गया कि हनुमान मंदिर के पीछे स्थित ‘चॉल नंबर-5’ में ग्राउंड प्लस 3 मंजिला ढांचे का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। चॉल से जुड़ी दो से तीन झोपड़ीनुमा संरचनाएं भी इसके साथ ढह गईं।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग, मुंबई पुलिस, बृहन्मुंबई नगर निगम के कर्मचारी और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
भारी बारिश से कमजोर हुईं दीवारें और छत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमारत इतनी तेजी से गिरी कि लोगों को बाहर निकलने या खुद को सुरक्षित करने का मौका तक नहीं मिला। रविवार होने के कारण अधिकांश लोग अपने घरों में मौजूद थे, जिससे जनहानि बढ़ गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश के चलते चॉल की दीवारें और छत कमजोर पड़ गई थीं। आशंका जताई जा रही है कि संरचना दबाव नहीं झेल सकी और अचानक ढह गई।
क्रेन की मदद से हटाया गया मलबा, पूरी रात चला रेस्क्यू
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर दिया था और कई लोगों को मलबे से बाहर निकाला। बाद में पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने अभियान की कमान संभाली। मलबे को हटाने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया गया और दबे लोगों को बाहर निकाला गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल आसपास की इमारतों को कोई तत्काल खतरा नहीं बताया गया है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र के कुछ लोगों को एहतियातन अन्य स्थानों पर भेज दिया गया है।
