इंदौर-ललितपुर बस की ट्रक से भीषण टक्कर, दोनों वाहनों के उड़े परखच्चे, 15 से ज्यादा यात्री गंभीर घायल

सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले की बीना तहसील के खिमलासा थाना क्षेत्र स्थित पीरघाट में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इंदौर से ललितपुर जा रही एक यात्री बस की सामने से आ रहे ट्रक से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जबकि ट्रक का केबिन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एफआरवी की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

सुबह करीब छह बजे हुआ भीषण हादसा

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे खिमलासा थाना क्षेत्र के पीरघाट में यह दुर्घटना हुई। इंदौर से ललितपुर जा रही यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।

15 से अधिक यात्री घायल, कई की हालत गंभीर

हादसे में 15 से अधिक यात्रियों के घायल होने की पुष्टि हुई है। घायलों में हरिराम पिता नाथूराम प्रजापति (50) निवासी ललितपुर, गुड्डुबाई पत्नी माणिकचंद कुर्मी निवासी ललितपुर और उमा पत्नी अशोक तिवारी निवासी उज्जैन शामिल हैं। तीन घायलों को बीना सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य घायलों ने अलग-अलग अस्पतालों में उपचार कराया। पुलिस के अनुसार कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।

एफआरवी और पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही थाना भानगढ़ की एफआरवी से पायलट राजधर और खलक यादव तत्काल मौके पर पहुंचे। वहीं खिमलासा एफआरवी के पायलट अमित और होमगार्ड देवेंद्र राजपूत भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। पायलट राजधर ने बताया कि कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन राहत की बात यह रही कि इतने भीषण हादसे के बावजूद किसी यात्री की जान नहीं गई।

हादसे के बाद मार्ग पर लगा जाम

दुर्घटना के बाद पीरघाट मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बन गई। खिमलासा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और कुछ ही देर में मार्ग को फिर से सुचारु कर दिया।

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

थानाप्रभारी राधेश्याम पटेल ने बताया कि कुछ घायल अलग-अलग स्थानों पर इलाज के लिए चले गए हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या चालक के नशे की हालत में वाहन चलाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के सही कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।

 

Related posts