मुंबई में दर्दनाक हिट एंड रन! तेज रफ्तार टैंकर ने डिलीवरी बॉय को रौंदा, मौके पर मौत; भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। जोगेश्वरी पश्चिम इलाके में तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आने से एक डिलीवरी बॉय की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के मुताबिक यह हादसा शनिवार तड़के करीब 1:20 बजे जोगेश्वरी पश्चिम के अमृत नगर स्थित अजीत ग्लास गार्डन गेट के पास हुआ। मृतक की पहचान हर्ष के रूप में हुई है, जो देर रात एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के लिए डिलीवरी राइडर के तौर पर काम कर रहा था।

पीछे से मारी जोरदार टक्कर, मौके पर गई जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार टैंकर ने हर्ष की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नशे में होने का दावा, मेडिकल जांच के आदेश

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय टैंकर चालक कथित तौर पर शराब के नशे में था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक सवार को कुचल दिया। हालांकि, पुलिस ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

हादसे के बाद चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए टैंकर का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। बाद में आरोपी को ओशिवारा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की विस्तृत जांच

घटना की सूचना मिलते ही ओशिवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है।

पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना में शामिल टैंकर को भी जब्त कर लिया गया है।

ब्लड टेस्ट रिपोर्ट का इंतजार

चालक के नशे में होने के आरोपों की जांच के लिए उसका मेडिकल और ब्लड टेस्ट कराया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय चालक के शरीर में अल्कोहल की मात्रा कितनी थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

Related posts