पेरिस: फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन इस बार केवल वैश्विक राजनीति, अर्थव्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों तक सीमित नहीं रहा। सम्मेलन के दौरान कई ऐसे अनौपचारिक और दिलचस्प पल भी सामने आए, जिन्होंने दुनिया भर का ध्यान खींचा। नेताओं के बीच हुई हल्की-फुल्की बातचीत, मजाक और व्यक्तिगत अनुभवों ने समिट को अलग रंग दे दिया।
मेलोनी ने बताया- 1 मई से छोड़ दी स्मोकिंग
शिखर सम्मेलन के दौरान एक दिलचस्प बातचीत तब सामने आई जब जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से सिगरेट को लेकर सवाल किया। जवाब में मेलोनी ने बताया कि उन्होंने 1 मई से धूम्रपान छोड़ दिया है।
उनकी इस बात पर मौजूद नेताओं ने सराहना की और कुछ देर के लिए गंभीर बैठकों के बीच माहौल हल्का हो गया।
फुटबॉल और खेलों पर भी हुई खुलकर चर्चा
वैश्विक मुद्दों के साथ-साथ खेल जगत भी नेताओं की बातचीत का हिस्सा बना। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होने वाले फीफा विश्व कप पर चर्चा हुई, वहीं फ्रांस की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम और पेरिस सेंट-जर्मेन की उपलब्धियों का भी जिक्र किया गया।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने केप वर्डे और स्पेन के बीच हुए मुकाबले को याद करते हुए उसे शानदार मैच बताया। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूएफसी अध्यक्ष डाना व्हाइट की प्रशंसा की और खेलों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
ग्रीनलैंड का जिक्र फिर बना चर्चा का विषय
समिट के दौरान ट्रंप और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा के बीच हुई बातचीत में ग्रीनलैंड का उल्लेख भी सुनाई दिया। हालांकि बातचीत का पूरा संदर्भ सामने नहीं आया, लेकिन इस एक शब्द ने ट्रंप की ग्रीनलैंड को लेकर पहले व्यक्त की गई रुचि की चर्चाओं को फिर हवा दे दी।
मैक्रॉन की घड़ी पर ट्रंप का मजाक
दोपहर के भोजन से पहले कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन अपनी घड़ी कहीं छोड़ गए हैं।
इस पर ट्रंप ने हंसते हुए कहा कि अगर मैक्रॉन चले जाएं तो वह घड़ी उन्हें दे दी जाए। इस टिप्पणी पर मौजूद नेताओं के बीच ठहाके गूंज उठे और माहौल और भी हल्का हो गया।
सभी नेताओं को मिली खास साइकिल
फ्रांस की ओर से अगले वर्ष आल्प्स क्षेत्र में होने वाली साइक्लिंग प्रतियोगिता के प्रचार के लिए सभी जी-7 नेताओं को विशेष साइकिल भेंट की गई।
इसके अलावा जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को जर्मन फुटबॉल टीम की जर्सी भी उपहार में दी। जर्सी पर अंकित 47 नंबर ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
मोदी और मेलोनी की मुलाकात बनी आकर्षण का केंद्र
समिट का एक और चर्चित पल तब सामने आया जब पारंपरिक ग्रुप फोटो से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी आमने-सामने आए।
दोनों नेताओं के बीच हुई गर्मजोशी भरी बातचीत कैमरों में कैद हो गई। सोशल मीडिया पर पहले से लोकप्रिय ‘मेलोडी’ ट्रेंड के कारण यह मुलाकात भी खूब चर्चा में रही।
इंस्टाग्राम और लोकप्रियता पर भी हुई बात
बातचीत के दौरान मेलोनी ने मुस्कुराते हुए प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इस दौरान सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम पर बढ़ती लोकप्रियता का भी जिक्र हुआ, जिसने इस मुलाकात को और अधिक चर्चा में ला दिया।
वैश्विक नेताओं ने खिंचवाई पारंपरिक ग्रुप फोटो
जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान दुनिया के प्रमुख नेताओं ने पारंपरिक ग्रुप फोटो सत्र में हिस्सा लिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, डोनाल्ड ट्रंप सहित विभिन्न देशों के शीर्ष नेता एक साथ नजर आए।
