तबेले में बन रहा था अचार, चारों ओर गंदगी का अंबार! खाद्य विभाग के छापे में बड़ा खुलासा, 34 क्विंटल माल नष्ट

गाजियाबाद: खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए खोड़ा क्षेत्र के आदर्श नगर में संचालित दो अवैध अचार फैक्ट्रियों पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान अधिकारियों को भारी अनियमितताएं मिलीं। फैक्ट्रियों में साफ-सफाई के मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी और बेहद गंदे माहौल में अचार तैयार किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान जो सबसे चौंकाने वाली बात सामने आई, वह यह थी कि एक फैक्ट्री कथित तौर पर दिल्ली पुलिस के एक रिटायर्ड दरोगा के तबेले में संचालित हो रही थी। जहां पशुओं को रखा जाता था, उसी परिसर में अचार तैयार और संग्रहित किया जा रहा था।

तबेले में तैयार हो रहा था अचार

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां का दृश्य देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। तबेले के अंदर गंदगी, बदबू और मक्खियों के बीच बड़े-बड़े ड्रमों में अचार रखा हुआ मिला। अधिकारियों के अनुसार, खाद्य सामग्री तैयार करने के लिए आवश्यक स्वच्छता मानकों का कहीं भी पालन नहीं किया जा रहा था।

जांच में सामने आया कि फैक्ट्री बिना आवश्यक अनुमति के संचालित की जा रही थी। दूसरी फैक्ट्री में भी हालात कमोबेश ऐसे ही पाए गए, जहां खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन देखने को मिला।

34 क्विंटल तैयार अचार मौके पर नष्ट

छापेमारी के दौरान विभाग ने भारी मात्रा में तैयार और कच्चा माल बरामद किया। स्वास्थ्य के लिए संभावित खतरे को देखते हुए अधिकारियों ने 34 क्विंटल तैयार अचार को जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिया।

इसके अलावा 180 किलोग्राम तैयार अचार और लगभग 9 क्विंटल नमक को भी सीज कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल अचार निर्माण में किया जाना था।

जांच के लिए भेजे गए नमूने

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों फैक्ट्रियों से अचार, मसालों और नमक के कुल छह नमूने एकत्र किए हैं। इन नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, लैब रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि उत्पादों में किसी प्रकार की मिलावट या स्वास्थ्य के लिए हानिकारक तत्व मौजूद थे या नहीं।

रिपोर्ट के आधार पर दर्ज होगी FIR

विभाग ने साफ किया है कि यदि जांच रिपोर्ट में खाद्य मानकों के उल्लंघन, मिलावट या अन्य गंभीर अनियमितताएं सामने आती हैं तो फैक्ट्री संचालकों के साथ-साथ संबंधित संपत्ति मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खाद्य कारोबार करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

 

Related posts