नई दिल्ली: भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार में मिड-साइज SUV सेगमेंट में बड़ा मुकाबला शुरू हो गया है। एक तरफ हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक है, तो दूसरी ओर टोयोटा की पहली इलेक्ट्रिक SUV अर्बन क्रूजर एबेला ने एंट्री कर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। दोनों गाड़ियां प्रीमियम फीचर्स, लंबी रेंज और आधुनिक टेक्नोलॉजी के साथ बाजार में उतरी हैं, लेकिन सवाल यही है कि आखिर किसमें मिलेगा ज्यादा वैल्यू फॉर मनी पैकेज।
प्रीमियम फीचर्स में दोनों का दमदार पैकेज
टोयोटा अर्बन क्रूजर एबेला के केबिन को काफी प्रीमियम डिजाइन दिया गया है। इसमें डुअल-टोन इंटीरियर, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 12 कलर एम्बिएंट लाइटिंग, पैनोरमिक सनरूफ और रियर सीट्स में स्लाइड व रिक्लाइनिंग फंक्शन जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा JBL साउंड सिस्टम, 10.25-इंच डिजिटल क्लस्टर और 10.1-इंच टचस्क्रीन के साथ वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले का सपोर्ट भी दिया गया है।
वहीं हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक भी फीचर्स के मामले में पीछे नहीं है। इसमें ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस चार्जिंग, वेंटिलेटेड सीट्स, क्रूज कंट्रोल और व्हीकल-टू-लोड (V2L) टेक्नोलॉजी जैसे एडवांस फीचर्स मिलते हैं। इसका 10.25-इंच टचस्क्रीन और डिजिटल क्लस्टर इसे पूरी तरह मॉडर्न लुक देता है।
बैटरी, पावर और रेंज में कड़ा मुकाबला
टोयोटा अर्बन क्रूजर एबेला में 61 kWh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 171 bhp की पावर और 193 Nm टॉर्क जनरेट करती है। कंपनी का दावा है कि यह SUV एक बार फुल चार्ज में 543 किलोमीटर तक की रेंज देती है।
इसके मुकाबले हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक में 51.4 kWh की बैटरी मिलती है, जो 168.9 bhp पावर और 255 Nm टॉर्क जनरेट करती है। टॉर्क के मामले में क्रेटा थोड़ी आगे है, जबकि रेंज में यह करीब 510 किलोमीटर का दावा करती है।
कीमत में किसने मारी बाजी?
दोनों गाड़ियों की कीमत इस मुकाबले का सबसे बड़ा फैक्टर है। टोयोटा अर्बन क्रूजर एबेला के टॉप वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 23.60 लाख रुपये रखी गई है। वहीं हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक का टॉप वेरिएंट 24.69 लाख रुपये की एक्स-शोरूम कीमत पर उपलब्ध है।
इस तरह टोयोटा की SUV क्रेटा से करीब 1.09 लाख रुपये सस्ती है, साथ ही बड़ी बैटरी और ज्यादा रेंज भी ऑफर करती है।
निष्कर्ष: किसमें है बेहतर डील?
फीचर्स, रेंज और कीमत को मिलाकर देखें तो टोयोटा अर्बन क्रूजर एबेला कागजों पर ज्यादा वैल्यू फॉर मनी नजर आती है। हालांकि टॉर्क और ड्राइविंग परफॉर्मेंस के मामले में क्रेटा इलेक्ट्रिक अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है।
