भीषण गर्मी से जल्द मिलेगी राहत, IMD का बड़ा अलर्ट; कई राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी

नई दिल्ली: भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे देश के कई हिस्सों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कई राज्यों में आंधी-तूफान, तेज हवाएं और भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में तापमान में 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, 28 मई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसकी वजह से मौसम का मिजाज तेजी से बदलेगा। वहीं, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए भी परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

दिल्ली-एनसीआर में 28 मई से बदलेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों तक लू का असर जारी रहने की संभावना है। हालांकि 28 मई से मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने आसमान में बादल छाने और दोपहर बाद 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना जताई है।

उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी और कानपुर समेत कई जिलों में फिलहाल गर्मी का असर बना रहेगा। IMD के मुताबिक 27 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है। वहीं 28 से 31 मई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और तूफान आने की आशंका है। 29 मई से तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई गई है।

बिहार में धूलभरी आंधी की चेतावनी

बिहार के पटना, गया और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में 26 से 29 मई के बीच धूलभरी आंधी चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 26 और 27 मई को राज्य के कई इलाकों में बारिश की भी चेतावनी जारी की है। तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

राजस्थान में लू का कहर जारी, फिर बदलेगा मौसम

राजस्थान में 30 मई तक लू का असर बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 28 मई तक कुछ इलाकों में भीषण लू चल सकती है। हालांकि 29 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलने के संकेत हैं और आंधी-बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं।

झारखंड और उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट

झारखंड के रांची, जमशेदपुर और धनबाद समेत कई जिलों में 26 से 31 मई के बीच गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तराखंड के देहरादून और नैनीताल समेत कई इलाकों में 28 से 31 मई तक बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 29 मई को पहाड़ी क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई है।

हिमाचल से पूर्वोत्तर तक खराब मौसम की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में 28 और 29 मई को हल्की बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा ओलावृष्टि की भी संभावना है।

उधर, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।

 

Related posts