गाजीपुर में बड़ा सड़क हादसा, 50 यात्रियों से भरी बस 30 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में पलटी; 1 की मौत, 24 घायल

गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में शुक्रवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भांवरकोल थाना क्षेत्र के पखनपुरा ईदगाह के पास यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस करीब 30 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार गूंज उठी। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि करीब 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक यह बस शाम करीब 5 बजे गाजीपुर के रौजा बस स्टैंड से बलिया जिले के भरौली के लिए रवाना हुई थी। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। भरौली के पास बिहार का बक्सर बॉर्डर पड़ता है।

जाम से बचने की कोशिश में पलटी बस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाजीपुर-बलिया नेशनल हाईवे-31 पर भारी जाम लगा हुआ था। जाम से निकलने के लिए चालक बस को बैक कर दूसरे रास्ते से निकालने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बस का पिछला पहिया सड़क किनारे बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में चला गया और बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे के बाद बस में फंसे यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों से बाहर निकलने लगे।

ग्रामीणों ने तोड़ी खिड़कियां, शुरू किया राहत कार्य

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कई यात्रियों को बस की खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन के पहुंचने से पहले ही घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन के मुताबिक हादसे में एक यात्री की मौत हुई है, जबकि पानी में डूबे एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है।

दो घंटे तक हाईवे पर लगा रहा लंबा जाम

हादसे के बाद गाजीपुर-बलिया नेशनल हाईवे-31 पर करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। मौके पर मोहम्मदाबाद एसडीएम डॉ. हर्षिता तिवारी, एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर समेत मोहम्मदाबाद और भांवरकोल थाने की पुलिस टीम पहुंची और राहत कार्य की निगरानी की।

फिलहाल प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

 

Related posts