लखनऊ में ट्रेन की बोगी से मिला युवती का सिर कटा शव, बैग में पॉलीथीन में पैक मिले हाथ-पैर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से रविवार को सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां गोमतीनगर एक्सप्रेस ट्रेन की स्लीपर बोगी से एक युवती का सिर कटा शव बरामद होने के बाद रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। शव के अलग-अलग हिस्से बॉक्स और बैग में रखे मिले, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस और रेलवे सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं।

सफाई के दौरान मिला संदिग्ध बॉक्स और बैग

जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 15114 गोमतीनगर एक्सप्रेस बिहार के छपरा से चलकर लखनऊ पहुंची थी। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के बाद एक सफाईकर्मी को S-1 कोच में एक बॉक्स और एक बैग संदिग्ध हालत में रखा मिला।

सफाईकर्मी को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद उसने तत्काल रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई।

बॉक्स में मिला धड़, बैग में मिले हाथ-पैर

जब अधिकारियों ने बॉक्स खुलवाया तो उसके अंदर एक युवती का सिर कटा शव मिला। पुलिस के अनुसार, युवती की उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच बताई जा रही है। बॉक्स में केवल शव का धड़ रखा हुआ था।

वहीं बॉक्स के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर उसमें पॉलीथीन में पैक युवती के हाथ और पैर बरामद हुए। इस भयावह दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सन्न रह गए।

अब तक नहीं हो सकी मृतका की पहचान

जीआरपी द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद आरपीएफ, जीआरपी और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। शव की पहचान के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

पुलिस ने नियमानुसार पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात महिला की पहचान और मामले की जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

हत्या कर शव ठिकाने लगाने की आशंका

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को ट्रेन में रखकर ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। फिलहाल पुलिस ट्रेन के यात्रियों, सीसीटीवी फुटेज और रेलवे रिकॉर्ड की मदद से पूरे मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

 

Related posts