मेक्सिको में खूनी हमला, अंधाधुंध फायरिंग में 10 लोगों की मौत, इलाके में दहशत

मेक्सिको सिटी: मेक्सिको के पूर्वी-मध्य राज्य प्यूब्ला में रविवार तड़के हुए एक भीषण गोलीकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। अज्ञात बंदूकधारियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर 10 लोगों की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।

तेहुइत्ज़िंगो कस्बे में हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक यह वारदात प्यूब्ला राज्य के तेहुइत्ज़िंगो कस्बे में हुई। प्यूब्ला की सार्वजनिक सुरक्षा एजेंसी ने बताया कि बंदूकधारियों ने रविवार तड़के कई लोगों पर गोलियां बरसा दीं, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई।

मृतकों में छह पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। हमले के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।

हमलावरों को लेकर अब तक कोई जानकारी नहीं

स्थानीय अधिकारियों ने फिलहाल किसी संदिग्ध के बारे में जानकारी साझा नहीं की है। संघीय एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

हालांकि शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि घटना के पीछे संगठित आपराधिक गिरोहों का हाथ हो सकता है। मेक्सिको के कई हिस्सों में हाल के महीनों में कार्टेल हिंसा लगातार बढ़ी है।

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

प्यूब्ला राज्य में इससे पहले भी कई हिंसक घटनाएं हो चुकी हैं। फरवरी महीने में ह्यूहुएटलान एल ग्रांडे शहर में छह लोगों की हत्या कर दी गई थी। इसके कुछ दिनों बाद प्यूब्ला शहर में एक वाहन पर हुए हमले में तीन लोगों की जान चली गई थी।

लगातार बढ़ती हिंसा के कारण मध्य मेक्सिको के कई इलाकों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्टेल हिंसा के चलते 800 से 1000 परिवारों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है।

गवर्नर की ओर से अब तक कोई बयान नहीं

इस बड़े हमले को लेकर प्यूब्ला के गवर्नर अलेजांद्रो अर्मेंटा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में सतर्कता बरत रही हैं।

यूक्रेन में भी हुई थी ऐसी घटना

इसी तरह की एक घटना पिछले महीने यूक्रेन की राजधानी कीव में भी सामने आई थी, जहां एक बंदूकधारी ने सुपरमार्केट में लोगों को बंधक बना लिया था। बाद में उसने छह लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमलावर को मार गिराया था।

 

Related posts