लखनऊ: उत्तर प्रदेश में नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद भी मंत्रालयों के बंटवारे में हो रही देरी को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए सत्ता के भीतर खींचतान का आरोप लगाया है।
अखिलेश यादव का सरकार पर तीखा हमला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर तंज कसा कि विभागों के बंटवारे में हो रही देरी सत्ता संघर्ष का संकेत है। उन्होंने लिखा कि नए मंत्री अभी दर्शक दीर्घा में बैठे हैं और अपने-अपने विभागों की ‘पर्ची ऊपर से आने’ का इंतजार कर रहे हैं।
भ्रष्टाचार और निगरानी को लेकर भी टिप्पणी
अखिलेश यादव ने अपने बयान में यह भी कहा कि जनता अब नए मंत्रियों और उनके विभागों पर कड़ी नजर रखेगी। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया और नागरिक पत्रकारिता के जरिए सरकारी कामकाज की निगरानी की जाएगी और किसी भी अनियमितता से जुड़े साक्ष्य जुटाए जाएंगे।
भाजपा ने आरोपों को बताया राजनीतिक बयानबाजी
वहीं भाजपा की ओर से इन आरोपों को सिरे से खारिज किया गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि मंत्रालयों का बंटवारा एक प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसे तय नियमों और आवश्यकताओं के आधार पर पूरा किया जाता है। भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को पूरी तरह राजनीतिक बयानबाजी करार दिया है।
