नई दिल्ली: बालों की देखभाल में तेल लगाना भारतीय परंपरा का सबसे पुराना और आम तरीका माना जाता है। लंबे समय से यह धारणा प्रचलित है कि नियमित रूप से बालों में तेल लगाने से उनकी ग्रोथ तेज होती है और बाल दोगुने तेजी से लंबे होते हैं। लेकिन क्या यह सच है या सिर्फ एक मिथक?
कई विज्ञापनों में भी यह दिखाया जाता है कि तेल सीधे बालों की जड़ों तक जाकर पोषण देता है, जिससे बाल मजबूत और लंबे होते हैं। इसी वजह से आज भी ज्यादातर घरों में सरसों के तेल से मालिश को जरूरी माना जाता है।
क्या तेल लगाने से सच में बढ़ती है बालों की लंबाई?
विशेषज्ञों के अनुसार, हेयर ऑयलिंग बालों की सीधी ग्रोथ को तेज नहीं करती, लेकिन यह बालों की सेहत को बेहतर जरूर बनाती है। तेल स्कैल्प को नमी देता है, ड्राईनेस कम करता है और बालों को टूटने से बचाने में मदद करता है।
कैलाश दीपक हॉस्पिटल की कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. आरजू पाहवा के मुताबिक, बालों की लंबाई बढ़ना कई फैक्टर्स पर निर्भर करता है, जिनमें जेनेटिक्स, खानपान, हार्मोन, तनाव और स्कैल्प की हेल्थ शामिल हैं।
हेयर ऑयलिंग के फायदे
विशेषज्ञ बताते हैं कि सही तरीके से तेल लगाने से बालों को कुछ फायदे जरूर मिलते हैं। इससे स्कैल्प को पोषण मिलता है, रूखापन कम होता है और बालों का टूटना घट सकता है। हालांकि इसका असर सीमित होता है और इसे ग्रोथ का सीधा उपाय नहीं माना जा सकता।
ज्यादा तेल लगाने से हो सकते हैं नुकसान
एक्सपर्ट के अनुसार, कई लोग यह मानते हैं कि तेल को रातभर लगाए रखने या ज्यादा मात्रा में इस्तेमाल करने से बाल तेजी से बढ़ते हैं, लेकिन यह गलत है।
ज्यादा ऑयलिंग से स्कैल्प में गंदगी, धूल और तेल जमा हो सकता है, जिससे डैंड्रफ और स्कैल्प इरिटेशन की समस्या बढ़ जाती है। लंबे समय तक तेल लगाए रखने से बाल चिपचिपे भी हो जाते हैं और सफाई मुश्किल हो जाती है।
सही तरीके से हेयर ऑयलिंग कैसे करें?
डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह है कि बालों की देखभाल के लिए संतुलित रूटीन अपनाना जरूरी है। अगर आप तेल का इस्तेमाल करते हैं, तो उसे ज्यादा देर तक छोड़ना सही नहीं है। तेल लगाने के लगभग 30 मिनट बाद बालों को शैंपू से धो लेना चाहिए। घंटों तक तेल लगाए रखना बालों के लिए फायदेमंद नहीं माना जाता।
इसके अलावा, आजकल हल्के हेयर सीरम का विकल्प भी मौजूद है, जो बालों को बिना चिपचिपा बनाए बेहतर केयर देता है। हेयर ऑयलिंग बालों की सेहत के लिए फायदेमंद जरूर है, लेकिन यह बालों की ग्रोथ बढ़ाने का सीधा उपाय नहीं है। सही खानपान, हेल्दी लाइफस्टाइल और स्कैल्प केयर ही लंबे और मजबूत बालों की असली कुंजी है।
