“गैस सिलेंडर खत्म होने वाला है!” बुकिंग के नाम पर चल रहा नया साइबर स्कैम

साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

दुनिया के नक्शे पर हजारों किलोमीटर दूर मिडिल ईस्ट में चल रहा तनाव अब भारत की रसोई तक चर्चा बन गया है.

सोशल मीडिया पर अफवाहों का धुआं ऐसा उठा कि कई शहरों में लोग गैस एजेंसियों के बाहर कतार लगाते दिखाई देने लगे. रेस्टोरेंट मालिकों से लेकर आम गृहिणी तक एक ही सवाल पूछ रही है “कहीं गैस सिलेंडर की कमी तो नहीं होने वाली?”

लेकिन इस बेचैनी के बीच एक और खेल शुरू हो गया है. जहां डर होता है, वहां ठगी का कारोबार अक्सर सबसे पहले पहुंचता है.

गैस की चिंता और लंबी कतारें

कई शहरों में कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने की खबरों के बाद हालात अचानक बदलते नजर आए. कुछ जगहों पर एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें दिखने लगीं. रेस्टोरेंट और होटल इंडस्ट्री के लोग भी परेशान दिखाई दिए.

लोग बार-बार एजेंसी से पूछ रहे हैं “सिलेंडर कब मिलेगा?” लेकिन इसी अफरा-तफरी में कुछ फोन कॉल्स ने नया डर पैदा कर दिया.

साइबर ठगों की नई स्क्रिप्ट

दिल्ली पुलिस के मुताबिक ठग अब खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर फोन कर रहे हैं. वे दावा करते हैं कि मिडिल ईस्ट संकट के कारण गैस सप्लाई जल्द खत्म होने वाली है. और फिर शुरू होता है उनका असली खेल. लोगों से कहा जाता है “अभी तुरंत सिलेंडर बुक करवा लीजिए, नहीं तो स्टॉक खत्म हो जाएगा.”

यह सुनते ही कई लोग जल्दबाजी में जाल में फंस जाते हैं.

फर्जी WhatsApp लिंक और नकली वेबसाइट

ठग केवल फोन कॉल तक सीमित नहीं हैं. वे WhatsApp पर मैसेज और लिंक भी भेज रहे हैं. इन मैसेज में लिखा होता है “Last chance for LPG booking.”

जैसे ही कोई व्यक्ति लिंक पर क्लिक करता है, उसके सामने एक नकली वेबसाइट खुल जाती है. यह वेबसाइट दिखने में बिल्कुल असली गैस कंपनी जैसी लगती है. यहीं से ठगी का असली ऑपरेशन शुरू होता है.

बैंक डिटेल्स का जाल

नकली वेबसाइट पर लोगों से कार्ड नंबर, UPI पेमेंट, OTP मांगा जाता है. जैसे ही पेमेंट किया जाता है, पैसा सीधा ठगों के खाते में चला जाता है.

और सिलेंडर? वह सिर्फ स्क्रीन पर दिखने वाला वादा बनकर रह जाता है.

सरकार और कंपनियों का साफ संदेश

तेल कंपनियां जैसे Indane Gas, Bharatgas और HP Gas स्पष्ट कर चुकी हैं कि घरेलू LPG की कोई बड़ी कमी नहीं है. सामान्य परिस्थितियों में सिलेंडर की डिलीवरी 2 से 3 दिन में हो रही है. यानी डर फैलाने वाले मैसेज सच नहीं हैं.

बुकिंग करते समय ये नियम याद रखें

दिल्ली पुलिस ने लोगों से साफ कहा है कि गैस सिलेंडर हमेशा आधिकारिक माध्यम से ही बुक करें. उदाहरण के लिए Indane ग्राहक 7718955555 नंबर पर कॉल करके भी बुकिंग कर सकते हैं. किसी अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है.

अगर ठगी हो जाए तो क्या करें

साइबर एक्सपर्ट शालिनी तिवारी कहती हैं अगर किसी ने गलती से फर्जी लिंक पर पेमेंट कर दिया है तो तुरंत कार्रवाई करना जरूरी है. सबसे पहले Indian Cyber Crime Coordination Centre की हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें. इसके अलावा शिकायत दर्ज करने के लिए cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी रिपोर्ट कर सकते हैं. जितनी जल्दी शिकायत दर्ज की जाए, पैसे वापस मिलने की संभावना उतनी ही बढ़ जाती है.

डर नहीं, सतर्कता जरूरी

डिजिटल दौर में अफवाहें बिजली की रफ्तार से फैलती हैं. और ठग उसी स्पीड से जाल बुनते हैं. इसलिए अगली बार अगर कोई मैसेज आए कि
“गैस सिलेंडर खत्म होने वाला है” तो याद रखिए कभी-कभी सबसे बड़ा स्कैम वही होता है जो डर का फायदा उठाकर शुरू होता है.

सुप्रीम निर्देश : वैक्सीन के दुष्प्रभाव पर अब बनेगी Compensation Policy

Related posts

Leave a Comment