लखनऊ के पॉलीटेक्निक चौराहे पर बनेगा 700 मीटर लंबा अंडरपास, कई जिलों के यात्रियों को जाम से मिलेगी राहत

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल पॉलीटेक्निक चौराहे पर जल्द 700 मीटर लंबा अंडरपास बनाया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 90 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अंडरपास बनने के बाद न केवल लखनऊ के लोगों को, बल्कि अयोध्या, गोरखपुर, बहराइच, गोंडा और बलरामपुर समेत कई जिलों से आने-जाने वाले यात्रियों को भी लंबे समय से लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

एचएलएल से वेब सिनेमा तक बनेगा अंडरपास

प्रस्ताव के अनुसार, अंडरपास एचएलएल के सामने से शुरू होकर पॉलीटेक्निक चौराहा पार करते हुए वेब सिनेमा तक बनाया जाएगा। सेतु निगम ने परियोजना का खाका तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेज दिया है। विभाग का कहना है कि धनराशि मंजूर होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

विधानसभा में उठी थी मांग

पॉलीटेक्निक चौराहे पर अंडरपास निर्माण की मांग लखनऊ पूर्व के विधायक ओपी श्रीवास्तव ने फरवरी में विधानसभा के बजट सत्र के दौरान उठाई थी। उन्होंने लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव का हवाला देते हुए कहा था कि अंडरपास बनने से रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी और यात्रा का समय भी बचेगा। सदन में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इसे सेतु निगम की कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया।

रोजाना 50 हजार से अधिक वाहनों की आवाजाही

पॉलीटेक्निक चौराहे से प्रतिदिन 50 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। इनमें एचएलएल की ओर से अयोध्या रोड और गोमतीनगर की दिशा में जाने वाले लगभग 15 से 20 हजार वाहन शामिल हैं। पीक आवर्स में अत्यधिक ट्रैफिक के कारण यहां अक्सर लंबा जाम लग जाता है। अंडरपास बनने के बाद इस दबाव में कमी आने की उम्मीद है।

अयोध्या रोड की ओर भी विस्तार की मांग

विशेषज्ञों का मानना है कि एचएलएल से वेब सिनेमा तक बनने वाला अंडरपास गोमतीनगर की ओर जाने वाले वाहनों का दबाव तो कम करेगा, लेकिन अयोध्या रोड की दिशा में ट्रैफिक की स्थिति में अधिक बदलाव नहीं आएगा। ऐसे में मुंशीपुलिया की ओर से आने वाले वाहनों के कारण जाम की समस्या बनी रह सकती है। इसलिए अंडरपास का विस्तार अयोध्या रोड की दिशा में भी किए जाने का सुझाव दिया गया है, जिससे भविष्य में ट्रैफिक संचालन और अधिक सुगम हो सके।

 

Related posts