बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और किसी को शक न हो, इसके लिए खुद ही थाने पहुंचकर पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। जांच के दौरान जब पुलिस को बयानों पर संदेह हुआ तो पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हो गया।
गुमशुदगी की रिपोर्ट में प्रेमी पर ही जताया था शक
भुता क्षेत्र के फैजनगर निवासी पप्पू खेती-किसानी करते थे, जबकि उनकी पत्नी नरगिस गृहिणी हैं। 12 सितंबर की रात पप्पू अचानक लापता हो गए। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 15 सितंबर को नरगिस ने थाने पहुंचकर पति की गुमशुदगी दर्ज कराई और आशंका जताई कि राजा नाम के युवक ने उनके पति के साथ कुछ किया है।
बयानों में विरोधाभास से पुलिस को हुआ शक
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और नरगिस के बयान दर्ज किए। पूछताछ के दौरान उसके बयानों में कई विरोधाभास सामने आए। इसके बाद पुलिस ने राजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों के जवाबों में असंगति मिलने पर पुलिस का संदेह और गहरा गया।
सीडीआर से खुला प्रेम संबंध का राज
जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच की, जिसमें पता चला कि नरगिस और राजा के बीच लगातार लंबी बातचीत होती थी। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर नरगिस ने स्वीकार किया कि राजा उसका प्रेमी है और दोनों ने 12 सितंबर की रात मिलकर पप्पू की हत्या की थी।
पहले नदी में शव फेंकने की बात कही, फिर बदला बयान
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने शुरुआत में पुलिस को बताया कि हत्या के बाद शव को बहगुल नदी में फेंक दिया गया है। इस सूचना पर पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम के साथ तलाश अभियान चलाया, लेकिन शव नहीं मिला। बाद में दोबारा पूछताछ में दोनों ने बताया कि शव सड़क किनारे झाड़ियों में फेंका गया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया।
25 साल पहले हुई थी शादी, छह बच्चों का है परिवार
पुलिस के अनुसार, नरगिस और पप्पू की शादी करीब 25 वर्ष पहले हुई थी। दोनों के छह बच्चे हैं। फिलहाल पुलिस ने शव बरामद कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
