रिश्तो की मजबूती हेतु अच्छा प्रयास,दांपत्य संबंधों में आपसी सामंजस्य…..

उन्नाव। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव जय प्रकाश सिंह के कुशल निर्देशन में जनपद में पारिवारिक विवादों के समाधान, दांपत्य संबंधों में आपसी सामंजस्य स्थापित करने तथा परिवारों को टूटने से बचाने के उद्देश्य से निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में प्रदीप कुमार सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन की अध्यक्षता एवं मधुपनाथ मिश्रा क्षेत्राधिकारी बीघापुर की उपस्थिति में रिजर्व पुलिस लाइन, उन्नाव स्थित परिवार परामर्श केन्द्र एवं जनपद के विभिन्न थानों में संचालित महिला हेल्प डेस्क पर पति-पत्नी के विवादित जोड़ों को बुलाकर उनकी काउंसलिंग की गई।उक्त कार्यक्रम में परिवार परामर्श केन्द्र के परामर्शदाताओं व परामर्श केन्द्र पुलिस टीम तथा महिला हेल्प डेस्क की पुलिस टीम द्वारा पारिवारिक विवादों के समाधान हेतु विशेष पहल की गई।

इस दौरान विवादित पति-पत्नी के जोड़ों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा आपसी संवाद, समझाइश एवं परामर्श के माध्यम से उनके बीच उत्पन्न मनमुटाव को दूर करने का प्रयास किया गया। परिवार परामर्शदाताओं एवं महिला हेल्प डेस्क की टीम द्वारा दोनों पक्षों की बात सुनकर उन्हें आपसी विश्वास, प्रेम, सम्मान, सहनशीलता तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों के महत्व से अवगत कराया गया। प्रभावी काउंसलिंग के परिणामस्वरूप कई जोड़ों के मध्य उत्पन्न विवादों का समाधान कराया गया तथा उन्हें आपसी मतभेद भुलाकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में साथ रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दांपत्य जीवन में पुनः सामंजस्य स्थापित करना, पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनानातथा विवादों के कारण परिवारों को बिखरने से बचाना रहा।

काउंसलिंग के उपरांत कुल 34 जोड़ों को आपसी सहमति एवं बिना विवाद साथ रहने के वादे के साथ विदा किया गया। इनमें थाना पुरवा से 09, महिला थाना से 07, परिवार परामर्श केन्द्र, रिजर्व पुलिस लाइन, उन्नाव से 05, थाना अजगैन से 03, थाना बांगरमऊ व थाना बारासगवर से 02-02 जोड़े, थाना कोतवाली सदर, थाना आसीवन, थाना बीघापुर, थाना हसनगंज, थाना मौरावां व थाना दही से 01-01 जोड़ा शामिल है। इस प्रकार परिवार परामर्श केन्द्र एवं महिला हेल्प डेस्क की संयुक्त पहल से जनपद के विभिन्न थानों में कुल 34 दंपतियों के बीच उत्पन्न विवादों को समाप्त कराने तथा उन्हें आपसी सहमति से साथ रहने के लिए प्रेरित करने में सफलता प्राप्त हुई। यह पहल महिला सुरक्षा, पारिवारिक कल्याण तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में उन्नाव पुलिस के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।

101

Related posts