UP Weather Update: यूपी में आज भी बारिश का दौर जारी, 25 जिलों में बाढ़; जानें लखनऊ समेत पूरे प्रदेश का हाल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला अभी थमा नहीं है। शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। हालांकि, मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश में किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।

लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था। शनिवार को राजधानी और आसपास के इलाकों में सामान्य तौर पर बादल छाए रहने और बाद में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 33 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

बीते दिन हरदोई में 15 मिमी, कानपुर में 13.8 मिमी, अलीगढ़ में 7 मिमी, इटावा में 5 मिमी और उरई में 3.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। झांसी में 22.7 मिमी बारिश हुई, जो मौसम विभाग के बुलेटिन में दर्ज सबसे अधिक बारिश रही। बांदा में भी 18.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

अयोध्या में सबसे ज्यादा तापमान, मेरठ भी गर्म

शुक्रवार को अयोध्या प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद मेरठ में 34 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। मुजफ्फरनगर और आगरा में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रयागराज और बस्ती में अधिकतम तापमान 33-33 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि गोरखपुर में यह 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बाढ़ के बीच राहत और बचाव अभियान तेज

लगातार बारिश और बाढ़ के बीच प्रशासन प्रभावित इलाकों में निगरानी के साथ राहत एवं बचाव अभियान चला रहा है। प्रभावित लोगों के लिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, भोजन, राहत शिविर, चिकित्सा सेवाओं और जरूरी सामग्री की व्यवस्था की जा रही है।

राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, गुरुवार को आठ हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अब तक कुल 21,350 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा चुका है। बचाव अभियान में 2,385 नाव और मोटरबोट लगाई गई हैं, जबकि राहत शिविरों में 2,972 लोग रह रहे हैं।

गुरुवार को 72,620 लंच पैकेट और 9,937 राहत किट वितरित की गईं। अब तक 9.31 लाख से अधिक लंच पैकेट और 1.49 लाख से अधिक खाद्यान्न पैकेट बांटे जा चुके हैं। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 1,165 मेडिकल टीमें गठित की गई हैं।

जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए 7.22 लाख से अधिक क्लोरीन टैबलेट और 2.97 लाख से अधिक ओआरएस पैकेट वितरित किए गए हैं। राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक, अब तक बाढ़ के कारण किसी जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं है।

यूपी के 25 जिलों में बाढ़ का असर

प्रदेश में बाढ़ से प्रभावित जिलों की सूची में अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बदायूं, बलिया, बाराबंकी, बस्ती, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, कासगंज, कौशाम्बी, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, प्रयागराज, रायबरेली, रामपुर, संत कबीर नगर, सीतापुर, शाहजहांपुर, उन्नाव और वाराणसी शामिल हैं।

इन जिलों में प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है। लगातार बारिश के बीच प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

 

Related posts