लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को राजधानी लखनऊ सहित 60 से अधिक जिलों में गरज-चमक, भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। विभाग का अनुमान है कि बारिश का दौर अगले चार दिनों तक जारी रह सकता है।
चार दिन तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। राजधानी लखनऊ में भी गुरुवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश हुई और शुक्रवार को भी बादल छाए रहने के साथ मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी से बने मौसम तंत्र का दिख रहा असर
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से बना सक्रिय मौसम तंत्र मध्य प्रदेश के पास पहुंच चुका है, जिसका सीधा असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। इसी वजह से प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में व्यापक बारिश देखने को मिल रही है।
मेरठ रहा सबसे ठंडा, कई जिलों में दिन का तापमान 35 डिग्री से नीचे
लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। वहीं, 26.1 डिग्री सेल्सियस के साथ मेरठ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जबकि 26.2 डिग्री सेल्सियस के साथ अलीगढ़ दूसरे स्थान पर रहा। करीब 40 जिलों में दिन का तापमान रात जैसा महसूस किया गया और अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
बिजनौर में सबसे ज्यादा 306 मिमी बारिश दर्ज
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक 306 मिमी वर्षा बिजनौर में रिकॉर्ड की गई। इसके बाद एटा में 222 मिमी, संभल में 204 मिमी, आगरा में 146 मिमी, मेरठ में 137 मिमी, शाहजहांपुर में 135.2 मिमी, मुजफ्फरनगर में 126.8 मिमी और बुलंदशहर में 125.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
लखनऊ समेत कई जिलों में आज भी भारी बारिश की संभावना
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को भी पूरे दिन बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में भी तेज बारिश के आसार बने हुए हैं।
वज्रपात को लेकर मौसम विभाग की अपील
लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
