मुंबई: धनुष की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ओ.एम. चैप्टर 1: उधिरम – द ब्लड वुड’ यानी ‘ऑपरेशन मोल’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में लाल चंदन की तस्करी के खतरनाक कारोबार और उससे जुड़े सिंडिकेट की झलक दिखाई गई है। फिल्म में धनुष एक लकड़हारे की भूमिका निभा रहे हैं, जो इस अवैध नेटवर्क में बुरी तरह उलझ जाता है। वहीं, साई पल्लवी सीबीआई अधिकारी नित्या रेड्डी के किरदार में नजर आएंगी। ममूटी की दमदार और रहस्यमयी भूमिका ने भी ट्रेलर को खास बना दिया है।
ट्रेलर में साई पल्लवी और ममूटी का दमदार अंदाज
‘ओ.एम. चैप्टर 1: उधिरम’ के ट्रेलर में साई पल्लवी का किरदार ईमानदारी, समझदारी और युवा जोश के साथ एक बड़े अभियान की कमान संभालता दिखाई देता है। वह नित्या रेड्डी के रूप में लाल चंदन की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने के मिशन पर हैं।
ट्रेलर में ममूटी की एंट्री भी काफी प्रभावशाली है। वह एक राजनेता की भूमिका में हैं, जिसका इस पूरे अवैध कारोबार पर पर्दे के पीछे से नियंत्रण दिखाई देता है। धनुष के साथ पहली बार स्क्रीन साझा कर रहे ममूटी का किरदार रहस्यमयी और दमदार नजर आता है।
धनुष की फिल्म में नसीरुद्दीन शाह की भी झलक
ट्रेलर में दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह की भी एक झलक दिखाई गई है। हालांकि, अभी उनके किरदार को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। इसके अलावा फिल्म में श्रीलीला भी अहम भूमिका में हैं। वह धनुष की पत्नी का किरदार निभा रही हैं।
किसने बनाई है ‘ओ.एम. चैप्टर 1: उधिरम’?
फिल्म का लेखन और निर्देशन ‘अमरन’ फेम राजकुमार पेरियासामी ने किया है, जबकि इसका संगीत साई अभ्यंकर ने तैयार किया है। वंडरबार फिल्म्स और आरटेक स्टूडियोज ने मिलकर इसका निर्माण किया है।
‘ओ.एम.’ को दो भागों वाली फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म के तौर पर तैयार किया गया है। इसमें एक्शन, लाल चंदन की तस्करी और उसके पीछे काम करने वाले नेटवर्क की कहानी दिखाई जाएगी।
20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
‘ओ.एम. चैप्टर 1: उधिरम’ पहले अक्टूबर में रिलीज होने वाली थी। हालांकि, रजनीकांत की ‘जेलर 2’ और सूर्या की ‘सीन’ के साथ बॉक्स ऑफिस पर संभावित टकराव से बचने के लिए इसकी रिलीज आगे बढ़ा दी गई। अब यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
