हरदोई में दर्दनाक हादसा! डीसीएम से टकराकर गिरा बिजली का पोल, 9वीं की छात्रा की मौके पर मौत

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा 9 की 14 वर्षीय छात्रा की जान चली गई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के बिहगवां गांव में किराना स्टोर पर सामान उतारने आई एक डीसीएम में बिजली की मेन लाइन का तार उलझ गया। वाहन के आगे बढ़ते ही बिजली का पोल टूटकर सड़क पर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से छात्रा रागिनी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, रागिनी रविवार शाम अपने घर से दुकान पर सामान लेने जा रही थी। इसी दौरान किराना स्टोर के पास बैक हो रही डीसीएम में बिजली की मुख्य लाइन का तार फंस गया। चालक ने जैसे ही वाहन आगे बढ़ाया, जर्जर बिजली का पोल अचानक टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। रागिनी उसकी चपेट में आ गई और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसके साथ चल रही दूसरी किशोरी समय रहते वहां से हट गई, जिससे उसकी जान बच गई।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
हादसे की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। वीडियो सामने आने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

परिवार में मचा कोहराम, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
छात्रा की अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेहटा गोकुल थाना प्रभारी मार्कण्डेय सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Related posts