यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत जगन्नाथ शाह मेमोरियल पब्लिक स्कूल में आयोजित हुआ यातायात जागरूकता कार्यक्रम…..

उन्नाव। जय प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन एवं मधुपनाथ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी यातायात की अध्यक्षता में यातायात माह नवंबर-2026 के क्रम में जगन्नाथ शाह मेमोरियल पब्लिक स्कूल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात मधुपनाथ मिश्रा एवं प्रभारी निरीक्षक यातायात श्री धर्मेंद्र सिंह द्वारा उपस्थित छात्राओं को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने सभी को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने एवं यातायात संकेतों के प्रति सजग रहने की अपील की गई।

क्षेत्राधिकारी यातायात मधुपनाथ मिश्रा द्वारा यातायात के महत्व एवं यातायात नियमों के पालन की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है तथा स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों का जीवन भी सुरक्षित रखा जा सकता है।

उन्होंने “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” के संदेश को आत्मसात करते हुए सभी छात्राओं से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने एवं अपने परिजनों तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. आशीष श्रीवास्तव, प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र समिति द्वारा किया गया।

इस अवसर पर उपनिरीक्षक श्री तिलक सिंह एवं मुख्य आरक्षी श्री महेश प्रसाद सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। प्रभारी निरीक्षक यातायात श्री धर्मेंद्र सिंह द्वारा छात्राओं को यातायात जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रबंधक श्री गोविंद कुमार गुप्ता, प्रधानाचार्य श्रीमती रिंकू गुप्ता एवं प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री मनन गुप्ता द्वारा उपस्थित अतिथियों एवं पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया।

Related posts