धर्मशाला में बारिश बिगाड़ सकती है खेल! क्वालिफायर-1 से पहले मौसम ने बढ़ाई गुजरात टाइटंस और RCB की टेंशन

धर्मशाला: आईपीएल 2026 अब अपने सबसे निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। लीग स्टेज के 70 मुकाबलों के बाद अब क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। 26 मई को धर्मशाला में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में जीतने वाली टीम सीधे फाइनल का टिकट हासिल करेगी, लेकिन मैच से पहले मौसम ने दोनों टीमों की चिंता बढ़ा दी है।

धर्मशाला के मौसम को लेकर सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक मुकाबले के दौरान बारिश की आशंका बनी हुई है। ऐसे में फैंस के साथ-साथ दोनों टीमों की नजरें भी अब आसमान पर टिकी हुई हैं।

18-18 अंकों के साथ पहुंचीं दोनों टीमें

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस दोनों ने लीग स्टेज का अंत 18-18 अंकों के साथ किया। हालांकि बेहतर नेट रन रेट की वजह से RCB अंक तालिका में शीर्ष पर रही। ऐसे में टीम का आत्मविश्वास भी काफी ऊंचा नजर आ रहा है।

इस सीजन दोनों टीमों के बीच खेले गए दो मुकाबलों में एक-एक जीत दर्ज हुई थी। वहीं आईपीएल इतिहास में भी दोनों टीमों के बीच रिकॉर्ड 4-4 की बराबरी पर है। ऐसे में क्वालिफायर-1 का मुकाबला बेहद रोमांचक और कांटे का माना जा रहा है।

शानदार लय में हैं RCB और गुजरात

कप्तान रजत पाटीदार की अगुआई में RCB ने पूरे सीजन लगातार दमदार प्रदर्शन किया है। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में टीम संतुलित नजर आई है।

वहीं गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी काफी हद तक उसके टॉप ऑर्डर पर निर्भर रही है, लेकिन टीम की गेंदबाजी इकाई ने कई अहम मौकों पर मैच जिताने का काम किया है। लीग स्टेज में RCB को मिली पांच हार में एक हार गुजरात के खिलाफ भी शामिल रही थी। हालांकि बाद में बेंगलुरु ने वापसी करते हुए हिसाब बराबर कर लिया था।

अब दोनों टीमें अपने दूसरे आईपीएल खिताब के लिए पूरी ताकत झोंकने को तैयार हैं। RCB लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी, जबकि गुजरात टाइटंस 2022 के बाद फिर से चैंपियन बनने की कोशिश करेगी।

धर्मशाला में बारिश की आशंका

मौसम रिपोर्ट के अनुसार मैच के दौरान धर्मशाला का तापमान 18 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जो इस सीजन के अन्य वेन्यू की तुलना में काफी ठंडा माना जा रहा है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट में लगभग 25 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई गई है।

हालांकि राहत की बात यह है कि पूरे 40 ओवर का मुकाबला होने की उम्मीद अभी भी ज्यादा है। अगर मौसम अचानक बिगड़ता है तो इस मुकाबले के लिए रिजर्व डे भी रखा गया है, ताकि फाइनल में पहुंचने वाली टीम का फैसला मैदान पर ही हो सके।

 

Related posts