पंजाब को मिली नई ट्रेन की सौगात, छेहर्टा-वाराणसी के बीच दौड़ेगी संत रविदास एक्सप्रेस; रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी

लुधियाना: पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने छेहर्टा (अमृतसर) और वाराणसी के बीच नई संत रविदास एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दे दी है। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से दोनों राज्यों के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। धार्मिक यात्रा, रोजगार, शिक्षा और पारिवारिक कारणों से सफर करने वाले लोगों को इसका विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार नई ट्रेन संख्या 14623/14624 का नाम संत गुरु रविदास जी के सम्मान में रखा गया है। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन दोनों दिशाओं में संचालित होगी।

सप्ताह में तीन दिन चलेगी नई ट्रेन

छेहर्टा से संत रविदास एक्सप्रेस बुधवार, शुक्रवार और रविवार को दोपहर 2:05 बजे रवाना होगी। यह अमृतसर रेलवे स्टेशन पर दोपहर 2:25 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद आगे के सफर के लिए रवाना होगी।

वापसी में यह ट्रेन वाराणसी से गुरुवार, शनिवार और सोमवार को सुबह 7:50 बजे चलेगी। अमृतसर रेलवे स्टेशन पर शाम 4:35 बजे पहुंचेगी और इसके बाद शाम 5:10 बजे छेहर्टा पहुंचेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

रेलवे के अनुसार यात्रा के दौरान ट्रेन का लुधियाना, जालंधर सिटी, अंबाला छावनी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर और जौनपुर सिटी सहित 11 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव रहेगा। इससे पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

समय सारिणी भी हुई जारी

निर्धारित समय के अनुसार यह ट्रेन सुबह 7:25 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी यात्रा में लखनऊ से रात 12:10 बजे रवाना होगी। वहीं वाराणसी में इसका आगमन रात 12:15 बजे होगा।

जल्द शुरू होगी सेवा

रेलवे बोर्ड ने उत्तर रेलवे को ट्रेन संचालन से जुड़ी सभी तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आवश्यकता पड़ने पर इस ट्रेन का संचालन पहले उद्घाटन विशेष ट्रेन के रूप में किया जा सकता है, जिसके बाद इसे नियमित सेवा में शामिल किया जाएगा।

यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नई संत रविदास एक्सप्रेस शुरू होने से विशेष रूप से पंजाब के श्रद्धालुओं, छात्रों, कारोबारियों और कामकाजी लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब वाराणसी और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने के लिए ट्रेन बदलने या लंबे इंतजार की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यह नई रेल सेवा पंजाब की रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।

 

Related posts