जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने ली जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक……..

उन्नाव। जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने  जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने, शहर में अतिक्रमण, ओवरलोड अवैध परिवहन पर रोक सहित अन्य प्रमुख बिंदुओं के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में हो रहे ओवरलोड व अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जाए प्रतिदिन अधिक से अधिक गाड़ियों को पकड़कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और कितने वाहन पर कार्यवाही की गई इसकी रेगुलर रिपोर्ट प्रस्तुत किया जाए। साथ ही निर्देशित करते हुए कहा कि अभियान चलाकर सड़क पर चल रहे वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए जाए ।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी गंगा घाट व उन्नाव को निर्देशित करते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे पर जो भी आवारा पशु घूम रहे हैं उनको  प्राथमिकता के साथ संबंधित गौशाला में शिफ्ट किया जाए । कहा कि कोहरे का समय है कहीं पर भी पशुओं के द्वारा कोई भी हानि हुई तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।  जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में जो भी टेंपो टैक्सी ऑटो ई रिक्शा चल रहे हैं उसके लिए जो निर्धारित स्टैंड है वहीं पर खड़े हो यह सुनिश्चित कराया जाए। शहर में कहीं पर भी अतिक्रमण है तो अभियान चलाकर  उसको हटाया जाए।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को  शहर में जमीन चिन्हित कर लेबर अड्डे बनाए जाने के निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यालय वाहन सुरक्षा समिति का गठन किया जाए और उसकी रेगुलर बैठक कराई जाए । कहा यह सुनिश्चित किया जाए की कोई भी अनफिट वाहन स्कूल में ना चले यह विशेष ध्यान रखा जाए जो भी अनफिट वाहन चल रहे हैं उनकी गहन चेकिंग किया जाए और उनकी मान्यता रद्द किया जाए।  कहा कि चालकों का चरित्र और स्वास्थ्य का सत्यापन प्राथमिकता से समय से हो जाए यह विशेष ध्यान रखा जाए।

जिला अधिकारी ने यूपीडा के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गंगा और जमुना के सीमा वाले क्षेत्र पर कोहरे की अधिक संभावना होती है ऐसे में एंटी फोग गन लगाया जाए यह हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सड़कों पर अवैध कट, अतिक्रमण एवं अनाधिकृत पार्किंग को हटाने के साथ ही यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।कहा विद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास यातायात सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।


जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए नियमित अभियान चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए तथा दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

Related posts