PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर यूपी में महीने भर चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 4.19 करोड़ परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के दौरान ‘विकसित भारत-2047’ को सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प के रूप में सामने रखने के साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से हुए बदलावों को भी अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।

शासन से जिलों तक बनेगा तीन स्तर का समन्वय

अभियान की जिम्मेदारी उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को दी गई है। वह शासन से लेकर जनपद स्तर तक तीन स्तर पर समन्वय की व्यवस्था देखेंगे। अभियान में केंद्र सरकार के 12 वर्षों और राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों से हुए बदलावों को जनता तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।

इस दौरान करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के वंदे मातरम गायन का भी कार्यक्रम रखा गया है।

4.19 करोड़ परिवार और 15.74 करोड़ लाभार्थी होंगे शामिल

केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों का तीन स्तर पर डेटा बैंक तैयार किया जाएगा। अभियान के तहत करीब 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ के साथ अभियान की शुरुआत होगी। शाम सात बजे घरों और प्रतिष्ठानों में दीप प्रज्ज्वलित कर लोगों से सेवा और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने की अपील की जाएगी।

स्कूलों में होंगी चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं

‘मेरे सपनों का भारत: चित्र सेवा’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विद्यालयों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता होगी, जबकि कक्षा नौ से 12 तक के छात्रों के लिए चित्रकला के साथ भाषण प्रतियोगिता भी कराई जाएगी।

7 अक्टूबर को राज्य स्तरीय प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।

हर जिले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी

‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत प्रत्येक जिले में 18 से 20 कलाकारों की सांस्कृतिक टोलियां तैयार की जाएंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सात कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं।

वहीं, ‘सेवा की कहानी’ डिजिटल और रील अभियान के तहत 25 लाख लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव को 60 सेकंड की रील के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिन का उत्सव

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव और संवाद का आयोजन होगा। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं को सम्मानित किया जाएगा।

7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ निकाली जाएगी। इसके तहत प्रमुख चौराहों पर सेवा कलश स्थापित किए जाएंगे।

दस नदियों का जल लेकर काशी से वडनगर जाएंगी टोलियां

‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’ के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश की 10 नदियों का जल लेकर 10 टोलियां काशी से वडनगर, गुजरात जाएंगी।

इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में नागरिकों को 25 अलग-अलग सेवा गतिविधियों में से किसी एक से जुड़ने का अवसर दिया जाएगा।

विकासखंड और निकाय स्तर पर लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर

‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंड और नगरीय निकाय स्तर पर पांच से सात दिन के बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें अलग-अलग सरकारी सेवाओं और योजनाओं से संबंधित गतिविधियां शामिल होंगी।

युवाओं के लिए इनोवेशन चैलेंज और ओरिएंटेशन कार्यक्रम

‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के जरिए युवाओं की राष्ट्रीय स्तर की नवाचार प्रतियोगिता में भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है। विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, आईटीआई और पॉलीटेक्निक संस्थानों में ओरिएंटेशन और मोटिवेशन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

17 अक्टूबर को सुशासन सेवा संवाद से होगा समापन

एक महीने चलने वाले अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा। इस दौरान ऐतिहासिक स्मारकों और पर्यटन स्थलों पर विकास यात्रा को दर्शाने वाले लेजर शो आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख तीर्थस्थलों और शक्तिपीठों में महायज्ञ एवं विशेष अनुष्ठान भी प्रस्तावित हैं।

 

Related posts