गुजरात में इबोला का संदिग्ध मामला सामने आने से हड़कंप, वडोदरा के युवक में लक्षण पाए जाने पर अस्पताल में भर्ती, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

अहमदाबाद: गुजरात में इबोला वायरस को लेकर चिंता बढ़ गई है। वडोदरा के एक युवक में इबोला जैसे संदिग्ध लक्षण मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। युवक को तुरंत अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और तेज कर दी है।

विदेशी यात्रियों की स्क्रीनिंग कड़ी, एयरपोर्ट पर सख्त निगरानी
अहमदाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर युगांडा, कांगो और साउथ सूडान से आने वाले यात्रियों के लिए विशेष स्क्रीनिंग व्यवस्था लागू कर दी गई है। रात 9 बजे से सुबह 10 बजे तक इन यात्रियों की सख्त जांच की जा रही है। साथ ही विदेश से आने वाले सभी यात्रियों के लिए हेल्थ डिक्लेरेशन फॉर्म भरना अनिवार्य कर दिया गया है, ताकि किसी भी संभावित संक्रमण को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके।

11 यात्रियों को होम आइसोलेशन में रखा गया
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार हाल ही में इन अफ्रीकी देशों से अहमदाबाद पहुंचे 11 यात्रियों को उनके घरों में होम आइसोलेशन में रखा गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इन सभी यात्रियों में अभी तक इबोला के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं और न ही वे किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए हैं। बावजूद इसके, एहतियात के तौर पर निगरानी जारी रखी गई है।

अस्पतालों में विशेष आइसोलेशन वार्ड तैयार
इबोला के खतरे को देखते हुए अहमदाबाद समेत राज्य के प्रमुख अस्पतालों में विशेष आइसोलेशन वार्ड तैयार किए गए हैं। इनमें अहमदाबाद के SVP अस्पताल में 60 बेड, सिविल अस्पताल में 32 बेड और सूरत सिविल अस्पताल में 10 बेड की अलग व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों का तुरंत इलाज किया जा सके।

नया स्ट्रेन बढ़ा रहा चिंता, वैक्सीन को लेकर भी सवाल
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार इबोला वायरस अत्यंत घातक है, जिसकी मृत्यु दर 25 से 90 प्रतिशत तक बताई जाती है। इस बार सामने आए ‘बुंडीबुग्यो’ नामक नए स्ट्रेन को लेकर चिंता और बढ़ गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा वैक्सीन मुख्य रूप से पुराने ‘जैरे स्ट्रेन’ पर आधारित हैं, ऐसे में नए स्ट्रेन को लेकर स्थिति अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

 

Related posts