कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की लगाई डुबकी

उन्नाव। बांगरमऊ कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर क्षेत्र के नानामऊ गंगा घाट पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। भोर होते ही श्रद्धालुओं का घाट पर पहुंचना शुरू हो गया। हर-हर गंगे के जयघोष से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद सूर्यदेव को अर्घ्य दिया तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद गंगा मैया को पुष्प, दीप, धूप, अक्षत और नैवेद्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। श्रद्धालुओं ने गरीबों को अन्न, वस्त्र और धन का दान कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।


गंगा तट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलदीप कटियार ने सेवा कार्यक्रम के तहत शिविर लगाकर श्रद्धालुओं को खिचड़ी व चाय वितरित की। इस अवसर पर भाजपा नेता नेश्री कटियार ने कहा की यह पर्व आपके जीवन में सुख शांति समृद्धि और खुशियों का नया प्रकाश लेकर आए।दीपदान और गंगा स्नान के पवित्र पर्व पर ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी के दुख दर्द कष्ट दूर हो। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पुनीत गुप्ता, भाजपा नेता अजय पाल एवं ममता सिंह ने श्रद्धालुओं के बीच भंडारे का आयोजन कर प्रसाद वितरित किया।

घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी कड़ी निगरानी करते दिखाई दिए। इसके साथ ही गंगा में स्नान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए प्रशासन द्वारा गोताखोरों की भी व्यवस्था की गई। सुरक्षा कर्मियों द्वारा लगातार घाट पर निगरानी रखी गई, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित रूप से स्नान कर सकें।

Related posts