नई दिल्ली: भारतीय रेलवे का नाम आते ही अक्सर लोगों के दिमाग में वंदे भारत, राजधानी एक्सप्रेस या शताब्दी एक्सप्रेस जैसी तेज और आधुनिक ट्रेनों की तस्वीर उभरती है। लेकिन देश के रेल नेटवर्क पर एक ऐसी ट्रेन भी चलती है, जिसे दुनिया की सबसे प्रीमियम और लग्जरी ट्रेनों में गिना जाता है। इस ट्रेन की भव्यता और सुविधाएं इतनी शानदार हैं कि इनके सामने फाइव स्टार होटल भी कम पड़ जाते हैं।
यह ट्रेन है भारतीय रेलवे की महाराजा एक्सप्रेस, जिसे इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) संचालित करता है। यह ट्रेन केवल यात्रा का साधन नहीं, बल्कि एक चलते-फिरते शाही महल जैसा अनुभव देती है।
चलता-फिरता शाही महल जैसी ट्रेन
महाराजा एक्सप्रेस में कुल 23 डिब्बे होते हैं, जिनमें डीलक्स केबिन, आलीशान सुइट और प्रेसिडेंशियल सुइट जैसी सुविधाएं शामिल हैं। ट्रेन का इंटीरियर बेहद भव्य है, जिसमें सोने जैसी नक्काशी, मखमली बिस्तर और प्रीमियम कालीन लगाए गए हैं। जैसे ही यात्री इसमें कदम रखते हैं, उन्हें शाही जीवन का अनुभव मिलने लगता है। ट्रेन में दो थीम आधारित रेस्टोरेंट भी हैं—मयूर महल और रंग महल, जहां यात्रियों को विश्व स्तरीय व्यंजन सोने-चांदी की परत चढ़े बर्तनों में परोसे जाते हैं। इसके अलावा हाई-फाई बार लाउंज, सफारी बार और मनोरंजन के लिए क्लब जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
किराया सुनकर उड़ जाएंगे होश
महाराजा एक्सप्रेस में यात्रा करने के लिए किराया सुनकर किसी के भी होश उड़ सकते हैं। यह ट्रेन मुख्य रूप से 4 से 7 दिनों के लग्जरी टूर पैकेज ऑफर करती है। डीलक्स केबिन में 7 दिन की यात्रा का किराया प्रति व्यक्ति लगभग 7.45 लाख रुपये से 7.81 लाख रुपये तक पहुंचता है। वहीं सुइट का किराया करीब 13.84 लाख रुपये प्रति व्यक्ति है। सबसे ज्यादा चर्चा इसके प्रेसिडेंशियल सुइट की होती है, जिसका 7 दिनों का किराया लगभग 23.78 लाख रुपये तक जाता है। टैक्स जोड़ने के बाद यह रकम और भी बढ़ जाती है।
किराए में मिलती हैं शाही सुविधाएं
इस महंगे किराए में सिर्फ ट्रेन यात्रा ही नहीं, बल्कि पूरी लग्जरी लाइफस्टाइल शामिल होती है। यात्रियों को फाइव स्टार भोजन, प्रीमियम ड्रिंक्स, पर्सनल बटलर, शहरों में घूमने के लिए लग्जरी वाहन, स्पा, लॉन्ड्री सुविधा और स्मारकों में वीआईपी एंट्री जैसी सेवाएं मिलती हैं। कुल मिलाकर यह ट्रेन भारत में यात्रा का नहीं, बल्कि शाही जीवन का अनुभव कराने के लिए जानी जाती है।
