जयपुर: मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब केरल की कैजिया लिज मैजो ने अपने नाम कर लिया है। रविवार 23 अगस्त को जयपुर में आयोजित ग्रैंड फिनाले में 52 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबले के बाद कैजिया ने सभी फाइनलिस्ट को पीछे छोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया। मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 की विजेता मनिका विश्वकर्मा ने उन्हें ताज पहनाया।
40 सेकेंड के जवाब ने दिलाई जीत
प्रतियोगिता के अंतिम दौर में टॉप-5 फाइनलिस्ट को जजों के सामने 40 सेकेंड का क्लोजिंग रिमार्क देना था। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने जीवन, अपनी चुनौतियों और भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए। कैजिया लिज मैजो अपने जवाब से निर्णायक मंडल को प्रभावित करने में सफल रहीं और उन्होंने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज हासिल कर लिया।
ताज पहनाए जाने के बाद कैजिया भावुक नजर आईं। अब वह इस साल के अंत में प्यूर्टो रिको में होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
तमिलनाडु की वैष्णवी बनीं फर्स्ट रनरअप
फाइनल मुकाबले में कैजिया को तमिलनाडु की वैष्णवी से कड़ी टक्कर मिली। वैष्णवी दूसरे स्थान पर रहीं और उन्हें फर्स्ट रनरअप चुना गया। गुजरात की अनुश्री सतवालेकर सेकेंड रनरअप, महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव थर्ड रनरअप और उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ फोर्थ रनरअप रहीं।
सुष्मिता सेन समेत ये अभिनेत्रियां थीं जज
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के निर्णायक मंडल में मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियां शामिल थीं। अभिनेत्री सुष्मिता सेन, सेलिना जेटली और उर्वशी रौतेला ने प्रतियोगिता में जज की भूमिका निभाई। फिल्म निर्माता प्रज्ञा कपूर भी निर्णायक मंडल का हिस्सा थीं।
सुष्मिता सेन ने 1994 में मिस यूनिवर्स का खिताब जीता था। सेलिना जेटली ने 2001 में मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज हासिल किया था और उसी वर्ष मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में फोर्थ रनरअप रही थीं। वहीं उर्वशी रौतेला ने 2015 में मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीता था।
