रिहाई से ठीक पहले आजम खान को ED ने किया गिरफ्तार, बेटे अब्दुल्ला आजम जेल से आए बाहर

रामपुर: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जेल से रिहाई की उम्मीदों के बीच शनिवार शाम बड़ा घटनाक्रम सामने आया। रिहाई के सभी परवाने जारी होने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने उन्हें रामपुर जिला कारागार से गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान जेल के बाहर आजम खान के समर्थकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। वहीं, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम देर शाम जेल से रिहा हो गए।

शनिवार को दिनभर आजम खान और अब्दुल्ला आजम की रिहाई की प्रक्रिया चलती रही। उनके अधिवक्ता अलग-अलग मुकदमों में मुचलके भरवाने और रिहाई के परवाने जारी कराने में जुटे थे। मुकदमों की संख्या अधिक होने के कारण इस प्रक्रिया में पूरा दिन लग गया।

आजम खान के अधिवक्ता नासिर सुल्तान ने बताया कि सभी मुकदमों में रिहाई के परवाने जारी हो चुके हैं। एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में सेशन ट्रायल के तहत चल रहे पांच मुकदमों में शुक्रवार को ही रिहाई के परवाने जेल पहुंच गए थे। इसके बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि शाम तक आजम खान जेल से बाहर आ जाएंगे।

शाम को जेल पहुंची ED की टीम

इसी बीच शाम को लखनऊ नंबर की गाड़ियों से कुछ लोग जिला कारागार पहुंचे। इनमें से तीन-चार लोग जेल के अंदर गए। सूत्रों के मुताबिक, इनमें ईडी के अधिकारी भी शामिल थे। शुरुआत में उनके जेल पहुंचने का मकसद स्पष्ट नहीं हो पाया था।

कुछ देर बाद जानकारी सामने आई कि ईडी की टीम गाजियाबाद से आजम खान के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लेकर पहुंची है। घटनाक्रम को देखते हुए जेल परिसर के बाहर भारी संख्या में पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात कर दिए गए।

समर्थकों के विरोध के बीच आजम खान गिरफ्तार

इसके बाद ईडी की टीम ने समर्थकों के भारी विरोध के बीच आजम खान को गिरफ्तार कर लिया और अपने साथ ले गई। इस दौरान उनके समर्थकों ने जेल के बाहर नारेबाजी की और कार्रवाई के विरोध में हाय-हाय के नारे लगाए।

वहीं, दिनभर चली कानूनी प्रक्रिया के बाद अब्दुल्ला आजम को देर शाम जेल से रिहा कर दिया गया। इस घटनाक्रम के बाद आजम खान की रिहाई का इंतजार कर रहे समर्थकों को बड़ा झटका लगा।

Related posts