यूपी पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 206 पीपीएस अधिकारियों के तबादले; संभल, लखनऊ, अयोध्या समेत कई जिलों में नई तैनाती

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने गुरुवार को पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 206 पीपीएस (प्रांतीय पुलिस सेवा) अधिकारियों के तबादले कर दिए। राज्य के विभिन्न जिलों और कमिश्नरेट में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस व्यापक तबादला सूची में लखनऊ, संभल, अयोध्या, रामपुर, गोरखपुर, सहारनपुर, आगरा, प्रयागराज, कानपुर नगर, मिर्जापुर, वाराणसी, अलीगढ़, आजमगढ़, सीतापुर, हरदोई सहित कई जिलों के अधिकारी शामिल हैं।

प्रदेश सरकार के इस फैसले को पुलिस व्यवस्था में प्रशासनिक संतुलन और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बड़ी संख्या में पुलिस उपाधीक्षकों, सहायक पुलिस आयुक्तों, मंडलाधिकारियों और पीएसी अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है।

लखनऊ, वाराणसी और गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में कई नई नियुक्तियां

तबादला सूची में कई अधिकारियों को प्रमुख कमिश्नरेटों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उदय प्रताप सिंह को गोरखपुर से लखनऊ कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है। वहीं प्रशांत सिंह को गोरखपुर से वाराणसी कमिश्नरेट भेजा गया है। अमित कुमार पांडेय को जालौन से कानपुर नगर कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह राजीव कुमार सिसोदिया को रेलवे सहारनपुर से गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट भेजा गया है, जबकि मयंक तिवारी को आगरा कमिश्नरेट से गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में नई तैनाती मिली है।

संभल जिले में कई अधिकारियों की तैनाती

तबादला सूची में संभल जिला भी प्रमुख रूप से शामिल रहा। मिर्जापुर में तैनात विवेक जावला को संभल का पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है। हापुड़ से स्तुति सिंह को भी संभल भेजा गया है। इसके अलावा सीतापुर से अमन सिंह और हरदोई से अंकित मिश्रा को भी संभल में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अयोध्या, रायबरेली और प्रतापगढ़ में भी बदलाव

राजू निषाद को अलीगढ़ से अयोध्या भेजा गया है, जबकि प्रतीक कुमार को वाराणसी कमिश्नरेट से अयोध्या में नई तैनाती मिली है। आशीष निगम को अयोध्या से रायबरेली स्थानांतरित किया गया है। वहीं संतोष कुमार सिंह को उन्नाव से रायबरेली भेजा गया है।

प्रतापगढ़ में भी कई अधिकारियों की तैनाती हुई है। राजीव द्विवेदी को अलीगढ़ से प्रतापगढ़ भेजा गया है, जबकि रविन्द्र प्रताप सिंह को मुजफ्फरनगर से प्रतापगढ़ में नई जिम्मेदारी दी गई है।

पीएसी और एसएसएफ इकाइयों में भी बड़े स्तर पर बदलाव

तबादला सूची में पीएसी और विशेष सुरक्षा बल (SSF) इकाइयों में भी बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। महीपाल सिंह को 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ से 45वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ भेजा गया है। सर्जना सिंह को अलीगढ़ से 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्धनगर में सहायक सेनानायक बनाया गया है।

राशिद अली खान को सीआईडी लखनऊ से 5वीं वाहिनी एसएसएफ सहारनपुर भेजा गया है। वहीं योगेन्द्र कुमार को अयोध्या से 2वीं वाहिनी एसएसएफ गोरखपुर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री सुरक्षा और मुख्यालय स्तर पर भी बदलाव

मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात जितेन्द्र कुमार को शाहजहांपुर भेजा गया है। वहीं विकास कुमार जायसवाल को लखनऊ कमिश्नरेट से मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनाती दी गई है। राजेश कुमार सिंह को मुख्यमंत्री सुरक्षा से लखनऊ कमिश्नरेट भेजा गया है।

इसके अलावा कई अधिकारियों को सीआईडी मुख्यालय, एटीएस, ईओडब्ल्यू, पुलिस मुख्यालय, पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड तथा अन्य विशेष इकाइयों में भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

कई जिलों में बदले गए पुलिस उपाधीक्षक

सरकार द्वारा जारी सूची में झांसी, बरेली, गाजीपुर, बदायूं, बलिया, जौनपुर, देवरिया, संतकबीरनगर, महाराजगंज, चित्रकूट, बांदा, कुशीनगर, मथुरा, रामपुर, बुलंदशहर, हापुड़, बहराइच, श्रावस्ती, मिर्जापुर, पीलीभीत, अमेठी, कौशाम्बी और फतेहपुर सहित कई जिलों में पुलिस उपाधीक्षकों का तबादला किया गया है।

इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों और इकाइयों में पुलिस व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। शासन स्तर पर इसे कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

 

Related posts