लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले मौसम का मिजाज अलग-अलग नजर आ रहा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ तापमान में बढ़ोतरी हुई है, जबकि पश्चिमी हिस्से में कई जगहों पर बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए अलर्ट जारी किया है। राहत की बात यह रही कि शुक्रवार को बारिश से किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली।
सुलतानपुर में सबसे ज्यादा बारिश, कई जिलों में बरसे बादल
शुक्रवार शाम तक पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सुलतानपुर में सबसे अधिक 16.4 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बाद गोरखपुर में 10.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। अलीगढ़ में 9.4 मिलीमीटर और शाहजहांपुर में 8.6 मिलीमीटर बारिश हुई।
मेरठ में सात मिलीमीटर, बरेली में 5.3 मिलीमीटर, मुजफ्फरनगर में पांच मिलीमीटर, झांसी में 4.9 मिलीमीटर, बाराबंकी में 3.6 मिलीमीटर, बहराइच में 2.6 मिलीमीटर और मुरादाबाद में दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
पश्चिमी यूपी में आज भी तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। खासकर पश्चिमी जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने और कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश होने के आसार हैं।
प्रयागराज में बारिश धीमी पड़ी तो बढ़ा दिन का तापमान
प्रयागराज में पिछले करीब एक सप्ताह से जारी बारिश अब कमजोर पड़ने लगी है। शुक्रवार सुबह धूप निकली, जिसके बाद दोपहर में उमस महसूस की गई। धूप निकलने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई। 24 घंटे के दौरान 4.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
शुक्रवार को प्रयागराज का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में 1.4 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार पांच से 11 सितंबर तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और बारिश की संभावना बनी रहेगी।
कानपुर में 11 दिन से लगातार बारिश, दशकों बाद बना ऐसा रिकॉर्ड
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ने और मानसून की ट्रफ रेखा के काफी नीचे खिसक जाने से पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 24 से 48 घंटे तक बारिश की गतिविधियां छिटपुट रहने या थमने की संभावना है। इसके बाद छह सितंबर से फिर बारिश शुरू होने के आसार हैं।
कानपुर में दशकों बाद लगातार 11 दिनों तक बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार को भी शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। इस दौरान कुल 346.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र में शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक 10.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। यहां 25 अगस्त से कभी हल्की तो कभी तेज बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम केंद्र में एक दिन की बारिश की गणना सुबह 8:30 बजे से अगले दिन सुबह 8:30 बजे तक की जाती है।
रिकॉर्ड के अनुसार 25 अगस्त को 2.0 मिलीमीटर, 26 अगस्त को 84.1, 27 अगस्त को 28.6, 28 अगस्त को 57.9, 29 अगस्त को 19.8, 30 अगस्त को 3.7, 31 अगस्त को 0.9, एक सितंबर को 68, दो सितंबर को 39, तीन सितंबर को 42 और चार सितंबर को 10.9 मिलीमीटर बारिश हुई। इस तरह 25 अगस्त के बाद लगातार 11 दिनों में ऐसा कोई दिन नहीं रहा, जब बारिश पूरी तरह नहीं हुई हो।
