उन्नाव।बांगरमऊ विकास खंड के ग्राम माढापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय प्रथम में शारदीय नवरात्रि की महासप्तमी के पावन अवसर पर शनिवार को कन्या पूजन और उपहार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय के इंचार्ज शिक्षक प्रेम सागर की देखरेख में सम्पन्न हुआ।
सर्वप्रथम शिक्षकों और अभिभावकों ने विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं का तिलक लगाकर, अक्षत-रोली अर्पित कर पूजन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके बाद सभी छात्राओं को उपहार स्वरूप स्टील के गिलास, रुमाल और प्रसाद के रूप में गरमा-गरम जलेबी वितरित की गई। शिक्षिका और अभिभावकों के हाथों उपहार पाकर बालिकाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर इंचार्ज शिक्षक प्रेम सागर ने सभी को महासप्तमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि में कन्या पूजन हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। सहायक शिक्षिका उर्वशी कुशवाहा ने कहा कि बेटियां समाज का गौरव हैं और नवरात्र का पर्व हमें नारी शक्ति के सम्मान की प्रेरणा देता है।
विद्यालय में इस प्रकार के आयोजनों से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे शिक्षा के प्रति और अधिक प्रेरित होती हैं। कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने विद्यालय परिवार के इस अनूठे प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से स्कूल और समाज के बीच जुड़ाव मजबूत होता है। इस मौके पर विद्यालय स्टाफ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे उपस्थित रहे।
