रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसा कोटा रेल मंडल के अंतर्गत लूणीरीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। आग लगते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया और एहतियात के तौर पर दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई।
जानकारी के मुताबिक राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में अचानक आग भड़क उठी। जिस कोच में आग लगी उसमें 68 यात्री सवार थे। आग तेजी से पूरे कोच में फैलने लगी, जिसके बाद गार्ड ने तत्काल लोको पायलट को सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया और यात्रियों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई।
15 मिनट में खाली कराया गया पूरा कोच
रेलवे सूत्रों के अनुसार आग लगने के तुरंत बाद आरपीएफ जवानों और रेलवे कर्मचारियों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। करीब 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया गया। रेलवे ने तत्काल ट्रेन की बिजली आपूर्ति बंद कर दी और प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीम और राहत दल मौके पर पहुंच गए। फिलहाल रेलवे ट्रैक पर ट्रैफिक रोका गया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
रेलवे ने कहा- सभी यात्री सुरक्षित
पश्चिम रेलवे के कोटा डिवीजन की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि ट्रेन संख्या 12431 तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में डाउन लाइन पर आग लगी थी। रेलवे के मुताबिक प्रभावित कोच के सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी भी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।
रेलवे ने यह भी बताया कि ओएचई सप्लाई तुरंत बंद कर दी गई थी ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। रेलवे कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटे रहे।
दमकल और प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि सुबह करीब 5:15 बजे आग लगने की सूचना मिलने के बाद रेलवे ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। प्रभावित एसएलआर और बी-1 कोच को बाकी रैक से अलग किया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की तीन गाड़ियां, एम्बुलेंस और नागरिक प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं। आग पर लगभग पूरी तरह काबू पा लिया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार कोटा से अतिरिक्त कोच भेजे जा रहे हैं ताकि ट्रेन के बाकी हिस्से को रवाना किया जा सके।
5 से 6 ट्रेनें हुईं प्रभावित
इस घटना के चलते दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। रेलवे ने सुरक्षा कारणों से कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया।
रोकी गई ट्रेनों में 19020 हरिद्वार-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस को शामगढ़, 12416 नई दिल्ली-इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस को सुवासरा, 05017 स्पेशल ट्रेन को नाथूखेड़ी, 12472 स्वराज एक्सप्रेस को शामगढ़, 22210 हजरत निजामुद्दीन-मुंबई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस को चौमहला और 01492 हजरत निजामुद्दीन-पुणे स्पेशल ट्रेन को मोड़क स्टेशन पर रोका गया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेनों की ताजा जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट और हेल्पलाइन नंबर 139 का इस्तेमाल करें।
