यूपी में भीषण गर्मी का कहर: 19 मई को 22 जिलों में हीट वेव का अलर्ट, कानपुर–प्रयागराज समेत कई शहर झुलसेंगे

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार 19 मई के लिए प्रदेश के 22 जिलों में हीट वेव यानी लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, बांदा समेत कई प्रमुख जिले शामिल हैं, जहां तेज गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।

प्रदेश में पारा 47 डिग्री के पार, बांदा सबसे गर्म
सोमवार को प्रदेश के 26 प्रमुख शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक गर्मी बांदा में रही, जहां पारा 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रयागराज में 46.8 डिग्री और झांसी में 45.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

लखनऊ में भी झुलसाने वाली गर्मी, रात में भी राहत नहीं
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में ‘वार्म नाइट’ की स्थिति बनी हुई है, जिससे रात के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।

22 जिलों में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने जिन 22 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, उनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर नगर, कानपुर देहात, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।

40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी गर्म हवाएं
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में किसी प्रभावी मौसम प्रणाली के सक्रिय न होने के कारण मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। कई इलाकों में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो झोंकों के दौरान 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

अगले एक हफ्ते तक राहत की उम्मीद कम
विशेषज्ञों का कहना है कि दक्षिणी और मध्य यूपी में अगले एक सप्ताह तक हीट वेव का असर जारी रह सकता है। वहीं पश्चिमी यूपी में रात का तापमान अधिक रहने से लोगों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

कई शहरों में तापमान 43 डिग्री से ऊपर
प्रदेश के 13 शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जिनमें बांदा, प्रयागराज, झांसी, हमीरपुर, वाराणसी, कानपुर, आगरा और गाजीपुर प्रमुख हैं। वहीं अलीगढ़, मेरठ और मथुरा सहित कई शहरों में भी तापमान 42 डिग्री से ऊपर रहा।

 

Related posts