श्री राघव सनातन सेवा संस्थान की रामलीला में पुष्प वाटिका, धनुष भंग एवं सीता स्वयंवर का भव्य मंचन…….


उन्नाव । श्री राघव सनातन सेवा संस्थान (रजि.), उन्नाव के तत्वावधान में आयोजित 16वें श्री रामलीला महोत्सव के तृतीय दिवस पुष्पवाटिका प्रसंग, धनुष भंग, सीता स्वयंवर एवं लक्ष्मण-परशुराम संवाद का भव्य और भावपूर्ण मंचन किया गया। रामलीला के विभिन्न प्रसंगों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


पुष्पवाटिका प्रसंग में भगवान श्रीराम एवं माता सीता के प्रथम मिलन का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात सीता स्वयंवर का मंचन हुआ, जिसमें अनेक राजाओं के प्रयास विफल होने के बाद गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से भगवान श्रीराम ने भगवान शिव के धनुष को भंग किया। धनुष भंग होते ही रामलीला परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। इसके उपरांत लक्ष्मण-परशुराम संवाद का ओजपूर्ण मंचन हुआ, जिसने दर्शकों में विशेष उत्साह भर दिया।


कलाकारों के सजीव अभिनय, प्रभावशाली संवादों एवं आकर्षक मंच सज्जा ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। रामलीला महोत्सव के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है।मुख्य अतिथि के रूप में श्री अशोक कुमार द्विवेदी (एड) ने भगवान की आरती करके लीला का आनंद लिया।


कार्यक्रम में संस्थान के संरक्षक राम तनेजा एवं अजय शुक्ला, अध्यक्ष कुंवर आर. एस. चौहान, महामंत्री एस. भदौरिया, कोषाध्यक्ष आशीष शुक्ला, महिला अध्यक्ष निम्मी अरोड़ा, सुधा पांडेय, रामलली दीक्षित, के. जी. अग्रवाल, प्रवीण कुमार, भानु प्रताप सिंह, सभासद अशोक सिंह ‘मुन्ना’, डी. डी. शुक्ला, सुनील सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं रामभक्त उपस्थित रहे।


संस्थान के पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए रामलीला महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का लाभ उठाने की अपील की।

Related posts