यूपी के किसानों की बल्ले-बल्ले! खेती की मशीनरी पर मिलेगी भारी सब्सिडी, सरकार ने खोला राहत का पिटारा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए इस बार दशहरा खेती से जुड़ी राहत भी लेकर आया है। राज्य सरकार ने कृषि मशीनरी खरीदने पर सब्सिडी देने का बड़ा फैसला किया है। अलग-अलग योजनाओं के तहत हजारों कृषि मशीनों की खरीद पर किसानों को आर्थिक मदद दी जाएगी। इस योजना का लाभ लेने के लिए किसान 7 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

2,166 कृषि मशीनों पर मिलेगी सब्सिडी

उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने और कृषि लागत कम करने के उद्देश्य से मशीनरी पर सब्सिडी देने का फैसला किया है। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक (कृषि अभियंत्रण) बलराम वर्मा के मुताबिक, सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के तहत 2,166 कृषि मशीनों पर सब्सिडी दी जाएगी।

इसके अलावा फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़ी योजना के तहत 1,755 कृषि मशीनों पर भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार के इस कदम से किसानों को खेती के काम में आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी और कृषि कार्यों में मशीनों की पहुंच बढ़ेगी।

कस्टम हायरिंग सेंटर और फार्म मशीनरी बैंक पर भी सहायता

सरकार ने इस योजना का दायरा केवल व्यक्तिगत किसानों तक सीमित नहीं रखा है। कस्टम हायरिंग सेंटर और फार्म मशीनरी बैंक स्थापित करने के लिए भी सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है। दोनों के लिए 10-10 लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी।

इसके अलावा किसान ड्रोन और दूसरी कृषि मशीनरी के लिए भी योजना का लाभ उठा सकेंगे। फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत व्यक्तिगत कृषि मशीनों और कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए 30 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान बताया गया है।

मक्का शेलर से पौध संरक्षण उपकरण तक पर मदद

सरकार ने अलग-अलग कृषि योजनाओं को भी इस अभियान से जोड़ा है। त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत किसान मक्का शेलर और मिलेट पार्लर के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, कीट एवं रोग नियंत्रण योजना के तहत किसानों को पौध संरक्षण उपकरण उपलब्ध कराने के लिए सब्सिडी दी जाएगी।

7 अक्टूबर से शुरू होगा आवेदन

योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया 7 अक्टूबर से शुरू होकर 20 अक्टूबर तक चलेगी। किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल के किसान कॉर्नर में मौजूद “Yantra Booking Prarambh” विकल्प पर क्लिक करके मशीन की बुकिंग और आवेदन किया जा सकेगा।

पोर्टल पर किसानों को कृषि मशीनों से जुड़ी जानकारी, सब्सिडी की प्रक्रिया और आवेदन से संबंधित अन्य जरूरी विवरण भी उपलब्ध होंगे।

Related posts