सुबह-सुबह मौत बनकर दौड़ी बस! हाईवे पर ट्रक में जा घुसी स्लीपर कोच, 6 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 31 घायल

वडोदरा: गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। वडोदरा-जरोद रोड पर कोटंबी गांव के पास तेज रफ्तार स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 31 अन्य लोग घायल हो गए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह के समय उस वक्त हुई जब यात्रियों से भरी लक्जरी स्लीपर बस हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। जोरदार टक्कर के कारण बस में बैठे कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

31 घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

दुर्घटना में घायल हुए 31 यात्रियों को तत्काल वडोदरा के सयाजी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन ने सभी घायलों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था की है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है।

बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। बचावकर्मियों ने बस के क्षतिग्रस्त हिस्सों को काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कई घंटे तक राहत और बचाव अभियान जारी रहा।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही जरोद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाकर यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दुर्घटना चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या किसी अन्य वजह से हुई।

 

Related posts