** डीएम ने मऊरानीपुर में दमेले इंटर कॉलेज प्लेग्राउंड मैं पैवेलियन एवं मंच निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
** डीएम ने दिए निर्देश समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं निर्माण कार्य
झांसी।जिलाधिकारी गौरांग राठी द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरान्त तहसील मुख्यालय मऊरानीपुर में निर्माणाधीन एवं नवनिर्मित विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने मोहल्ला नदीपार स्टेशन में तहसील तिराहे से दूरसंचार केन्द्र तक हॉटमिक्स सड़क चौड़ीकरण निर्माण कार्य तथा फसल शोध केन्द्र से डाक बंगला तिराहे तक हॉटमिक्स सड़क चौड़ीकरण निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
उक्त दोनों मार्गों का निर्माण नगर पालिका परिषद मऊरानीपुर द्वारा क्रमशः ₹30.14 लाख एवं ₹31.42 लाख की लागत से कराया गया है। दोनों मार्गों का चौड़ीकरण 7.5 मीटर की चौड़ाई में किया गया है। निरीक्षण के दौरान उपस्थित सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग से सड़क चौड़ीकरण कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराई गई। साथ ही, मार्ग पर रैंडम आधार पर 3 से 4 स्थानों पर सड़क की क्रस्ट की जांच की गई। जिलाधिकारी महोदय ने निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री के सैंपल लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
इसके उपरान्त जिलाधिकारी द्वारा दमेले इंटर कॉलेज प्लेग्राउंड मऊरानीपुर में पवेलियन एवं मंच निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, झाँसी ने अवगत कराया कि उक्त निर्माण कार्य बुंदेलखंड विकास निधि (जिलांश) के अंतर्गत ₹146.50 लाख की लागत से कराया जा रहा है। कार्य प्रारम्भ होने की तिथि 23 मई, 2026 तथा अनुबंध के अनुसार कार्य पूर्ण करने की निर्धारित तिथि 22 सितंबर, 2026 है।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया, जो प्रथम दृष्टया संतोषजनक प्रतीत हुई। उन्होंने मंच को भव्यता प्रदान करने के उद्देश्य से मंच के पीछे क्रीड़ास्थल का नाम स्पष्ट एवं आकर्षक अक्षरों में अंकित कराने के निर्देश दिए। साथ ही, निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
