मऊ में CM योगी का बड़ा हमला, बोले- अब कोई माफिया पिस्तौल लहराकर हिंदू को धमका नहीं सकता

मऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ दौरे के दौरान विपक्ष और माफियाओं पर तीखा हमला बोला। विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंच से कानून व्यवस्था, धार्मिक आयोजनों और माफिया राज को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कोई माफिया खुली जीप में पिस्तौल लहराकर किसी हिंदू को धमका नहीं सकता।

सीएम योगी ने बिना किसी का नाम लिए वर्ष 2005 के मऊ दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय मऊ को जलाने की साजिश रची गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में सत्ता संरक्षित माफियाओं ने धार्मिक आयोजनों में व्यवधान पैदा किया और पूरे इलाके में भय और अराजकता का माहौल बना दिया था।

‘रामलीला और धार्मिक आयोजनों में डाली जाती थी बाधा’

मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 साल पहले मऊ में रामलीला, रामनवमी, जन्माष्टमी और अन्य धार्मिक आयोजनों को प्रभावित करने की कोशिश की जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय समाजवादी पार्टी माफियाओं और गुंडों के सामने नतमस्तक थी।

उन्होंने कहा, “उस दौर में गरीबों को सुविधाएं नहीं मिलती थीं। राशन तक माफिया और गुंडे डकार जाते थे और गरीब सिर्फ टकटकी लगाकर देखता रह जाता था।”

‘धार्मिक आयोजनों में बाधा डाली तो रावण-कंस जैसी दुर्गति होगी’

सीएम योगी ने मंच से सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अब प्रदेश में किसी की हिम्मत नहीं है कि वह किसी पर्व-त्योहार या धार्मिक आयोजन में व्यवधान पैदा कर सके। उन्होंने कहा कि अगर कोई माफिया रामलीला, यज्ञ, कथा, रामनवमी, शिवरात्रि, जन्माष्टमी या किसी भी धार्मिक कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश करेगा तो उसकी हालत रावण और कंस जैसी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “पर्व तो हर हाल में मनाया जाएगा, लेकिन उसके बाद ऐसे लोगों की दुर्गति तय है।”

‘बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा’

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था को लेकर भी सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अगर किसी ने उनकी सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की तो उसे इसका गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेगा।

उन्होंने कहा, “जो भी बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसका इंतजार सिर्फ यमराज करेगा।”

‘बिना रुके, बिना थके चल रहा अभियान’

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का अपराध और माफिया के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि बिना किसी भय और दबाव के सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है और यही वजह है कि आज प्रदेश का माहौल बदल चुका है।

 

Related posts