अयोध्या: राम मंदिर के चढ़ावा और दानपात्र से जुड़े विवाद के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 जून को अयोध्या दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे, कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा विभिन्न धार्मिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वहीं, सूत्रों के हवाले से एक बड़ा प्रशासनिक निर्देश भी सामने आया है, जिसमें राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के दौरान उनसे दूरी बनाए रखने की सलाह दिए जाने की बात कही जा रही है।
SIT जांच के बीच बढ़ी हलचल
सूत्रों के अनुसार, अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान उचित दूरी बनाए रखने को कहा है। बताया जा रहा है कि यह कदम दानपात्र और चढ़ावा मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) की निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
ट्रस्ट पदाधिकारियों से जारी है पूछताछ
राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा विवाद की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय एसआईटी इन दिनों अयोध्या में मौजूद है। जांच टीम मंदिर परिसर और ट्रस्ट से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। सूत्रों के मुताबिक ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा समेत अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
72 परियोजनाओं का लोकार्पण, 51 का शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने अयोध्या दौरे के दौरान रुदौली क्षेत्र में 72 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और 51 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज हुनहुना और बाबा बाजार थाने का उद्घाटन भी उनके कार्यक्रम में शामिल है। वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
धार्मिक कार्यक्रमों में भी रहेंगे शामिल
मुख्यमंत्री श्री दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे और रामदास की छावनी में आयोजित जन्मोत्सव समारोह में भी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा अयोध्या धाम में स्थापित वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन भी उनके कार्यक्रम का हिस्सा है।
रामलला और हनुमानगढ़ी में करेंगे दर्शन-पूजन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर बाद अयोध्या धाम पहुंचेंगे, जहां वह रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे। शाम को वह राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
जानिए CM योगी का पूरा कार्यक्रम
– सुबह 10:45 बजे से 10:55 बजे तक: मां कामाख्या मंदिर में दर्शन और पूजा
– सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक: वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम
– दोपहर 3 बजे: विकास परियोजनाओं के कार्यक्रमों के बाद अयोध्या धाम पहुंचकर रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन
– शाम 6:15 बजे: महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता
