यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा पर सीएम योगी सख्त: नकल माफियाओं को चेतावनी, गड़बड़ी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होने वाली आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भर्ती परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को अपने सरकारी आवास पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली आरक्षी भर्ती लिखित परीक्षा की तैयारियों तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा प्रबंधन से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

6 जून को होगा पूर्वाभ्यास, कमियां दूर करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को निर्देशित किया कि 6 जून को परीक्षा का पूर्वाभ्यास कराया जाए, ताकि व्यवस्थाओं में मौजूद किसी भी कमी को समय रहते दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं और व्यवस्थाएं पूरी तरह सुनिश्चित कर ली जाएं।

अभ्यर्थियों की सुविधा पर विशेष जोर

योगी आदित्यनाथ ने परिवहन विभाग को अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रियायती किराए पर अंतरजिला बसों का संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे, इसलिए स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रभावी यातायात प्रबंधन योजना तैयार की जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी अभ्यर्थी को धूप में खड़ा न रहना पड़े। परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, छाया, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और वैकल्पिक बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी के आदेश

मुख्यमंत्री ने आशंका जताई कि परीक्षा के दौरान कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के जरिए अफवाहें और भ्रामक सूचनाएं फैलाने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे में संबंधित एजेंसियों को इंटरनेट मीडिया पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने और दुष्प्रचार करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों को दी गई विशेष जिम्मेदारी

उन्होंने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित बनी रहे।

करीब 29 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना

बैठक के दौरान पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के महानिदेशक एसबी शिरोडकर ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि आरक्षियों के 32,679 पदों के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा में लगभग 29 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।

 

Related posts