पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बड़ा आत्मघाती हमला, भीड़भाड़ वाले बाजार में धमाका; 9 की मौत, 35 घायल

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में मंगलवार को हुए भीषण आत्मघाती धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। लक्की मरवत जिले के नौरंग बाजार में हुए इस ब्लास्ट में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। धमाका उस समय हुआ जब बाजार में भारी भीड़ मौजूद थी।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक आत्मघाती हमलावर विस्फोटकों से भरे ऑटो रिक्शा में सवार होकर नौरंग बाजार पहुंचा और फाटक चौक के पास खुद को उड़ा लिया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों समेत 9 लोगों की मौत

जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक महिला भी शामिल हैं। वहीं 35 घायल लोगों को तत्काल सराय नौरंग स्थित तहसील मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए बन्नू और पेशावर के अस्पतालों में रेफर किया गया है। घायलों की संख्या अधिक होने के कारण अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है और अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ को भी बुलाया गया है।

धमाके के बाद इलाके में मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके के वक्त बाजार में काफी भीड़ थी। विस्फोट के बाद चारों तरफ धुआं फैल गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। राहत और बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया।

रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता शाहदाब खान ने बताया कि सूचना मिलते ही एंबुलेंस और राहत दल घटनास्थल पर रवाना किए गए। कई लोगों को मलबे और क्षतिग्रस्त वाहनों के बीच से बाहर निकाला गया।

मुख्यमंत्री ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मुहम्मद सुहैल अफरीदी ने घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रांतीय सरकार इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में इसे आत्मघाती हमला माना जा रहा है।

 

Related posts